- लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है
- लालकृष्ण आडवाणी का जन्म कराची में हुआ था और उन्होंने भारत के विभाजन के बाद भारत आकर राजनीति की
- कराची के सेंट पैट्रिक्स स्कूल से आडवाणी के साथ पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और दो-दो प्रधानमंत्री भी पढ़े हैं
बीजेपी के दिग्गज नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आडवाणी भारतीय राजनीति के दिग्गज चेहरों में गिने जाते हैं. भारतीय राजनीति में तो उनका नाम और काम सब जानते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आडवाणी का पाकिस्तान से भी कनेक्शन हैं. उनका जन्म 1927 में कराची में ही हुआ था. आजादी के बाद वो भारत आए. यानी उन्होंने भारत का विभाजन देखा, पाकिस्तान की हालात देखी और भारत आकर राजनीति के शीर्ष तक पहुंचे. आडवाणी की पढ़ाई कराची के जाने-माने स्कूल सेंट पैट्रिक्स में हुई. इस स्कूल से आडवाणी के साथ-साथ पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ, दो-दो प्रधानमंत्री और कई मुख्यमंत्री निकले.
पाकिस्तान के सबसे अच्छे स्कूलों में है शामिल
सेंट पैट्रिक्स स्कूल पाकिस्तान के सबसे अच्छे स्कूलों में गिना जाता है. यह स्कूल 1861 में बना था. इसकी शुरुआत 'सोसाइटी ऑफ जीसस' ने की थी. सालों तक यह स्कूल सोसाइटी ने ही चलाया. 1950 से इसे कराची के आर्कडायोसिस के पादरी चला रहे हैं. इस स्कूल से पाकिस्तान के कई बड़े नेता, हस्तियां और खिलाड़ी निकले.
पाकिस्तान के दो-दो प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति यहीं से निकले
इस स्कूल से भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के साथ-साथ पाकिस्तान के दो-दो प्रधानमंत्री और दो पूर्व राष्ट्रपति भी निकले. पाकिस्तान के पूर्व पीएम शौकत अजीज और मुहम्मद खान जुनेजो यहीं से पढ़े हैं. इसके अलावा पाकिस्तान के मौजूदा राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ ने भी यहीं से पढ़ाई की है.
सिंध के 4 मुख्यमंत्री भी यहीं से पढ़े
सेंट पैट्रिक्स स्कूल से पाकिस्तान के सिंध प्रांत के चार-चार मुख्यमंत्री निकले हैं. इसमें सिंध के मौजूदा मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह से लेकर पहले मुख्यमंत्री मुहम्मद अयूब खुहरो तक शामिल हैं. इसके अलावा पूर्व सीएम यूसुफ हारून और जाम सादिक अली भी इसी स्कूल के पूर्व छात्र रहे हैं.
कई अन्य बड़ी हस्तियां भी इसी स्कूल से निकलीं
इसी स्कूल से पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी भी पढ़े थे. इसके अलावा पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम बारी, दानिश कनेरिया और इकबाल सिकंदर जैसे खिलाड़ी भी इसी स्कूल के छात्र रहे हैं. वहीं पाकिस्तान सेना के पूर्व सेना प्रमुख जनरल जहांगीर करामत और पाकिस्तानी एयरफोर्स के सीनियर अधिकारी एयर मार्शल अज़ीम दाउदपोता भी इसी स्कूल के पूर्व छात्र हैं.
यह भी पढ़ें | कैसी है पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत? ICU में चल रहा इलाज, पढ़िए हेल्थ अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं