कर्नाटक में गणेश उत्सव के कार्यक्रम को लेकर विवाद छिड़ गया है. सोशल मीडिया पर एक पुलिस अधिकारी का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि मस्जिद के सामने से शोभायात्रा नहीं निकालनी चाहिए. एक त्योहार को त्योहार की तरह ही मनाना चाहिए और दूसरों की भावनाओं का भी सम्मान रखना चाहिए. अगर आप मस्जिद के सामने जाकर पटाखे बजाएंगे, तो मैं इसे ठीक तरीके से डील करूंगा.
बीजेपी ने कांग्रेस की सरकार को हिंदू विरोधी करार दिया है. बीजेपी सांसद यदुवीर वाडियार ने तो यहां तक कह दिया है कि सड़क सभी के लिए होती है. प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बारे में सोचना चाहिए, न कि किसी शोभायात्रा को रोकने के बारे में. उन्होंने कहा कि कोई हमें यह नहीं बता सकता कि शोभायात्रा कहां से निकलेगी और कहां से नहीं.
कर्नाटक बीजेपी विधायक और नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने तो यहां तक कह दिया है कि कांग्रेस अलग-अलग जिलों में गणेश चतुर्थी मनाने के लिए आने वाले लोगों को परेशान कर रही है. उन्होंने कहा कि दिक्कत सिर्फ तब होती है, जब लोग मस्जिद के सामने से निकलते हैं. तब दिक्कत क्यों नहीं होती, जब वही जुलूस गुरुद्वारा या किसी जैन समुदाय के मंदिर के सामने से निकलता है? अगर किसी जगह पर दिक्कत हो रही है, तो कांग्रेस की सरकार को समझना चाहिए कि असल में एंटी-सोशल एलिमेंट्स कौन हैं.
वैसे, यह कोई पहला मौका नहीं है, जब इस प्रकार का वीडियो सामने आया हो या फिर ऐसे निर्देश दिए गए हों. समय-समय पर त्योहारों के दौरान इस तरह की गाइडलाइन जारी की जाती रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं