होर्मुज स्ट्रेट में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस' को निशाना बनाकर दोबारा किये गए हमले के बाद उसके चालक दल का एक भारतीय सदस्य लापता है. केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को यह जानकारी दी. इसी टैंकर पर मिसाइल से सोमवार को भी हमला हुआ था.
केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
सोनोवाल ने मंगलवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक चिंताजनक घटनाक्रम में, पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस' पर एक और हमला हुआ, जिसके कारण पूरे चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा. उन्होंने कहा, ‘चालक दल के 24 सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन एक भारतीय नाविक अब भी लापता है.'
मंत्री ने कहा, ‘हम अपने लापता नाविक का पता लगाने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी और क्षेत्रीय बचाव अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय कर रहे हैं और बचाए गए चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा, कुशलता तथा लॉजिस्टिक सहायता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं.'
पहले कहा- सभी सदस्य सुरक्षित
इससे पहले सुबह सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जानकारी दी थी कि चालक दल के सभी 25 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है.
उन्होंने कहा था, ‘हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए पोत का प्रबंधन करने वाली कंपनी के साथ लगातार संपर्क में हैं.'
यह भी पढ़ें | UAE के पास जहाज पर हुए हमले में सभी 19 भारतीय सुरक्षित... केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने दी सारी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं