विज्ञापन

जालंधर और अमृतसर में IED से ब्लास्ट हुए, टाइमर या रिमोट से संचालित डिवाइस के इस्तेमाल की भी आशंका: DGP गौरव यादव

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने का शक जताया है. साथ ही धमाकों के लिए टाइमर या रिमोट से संचालित डिवाइस के इस्‍तेमाल की भी आशंका जताई है.

जालंधर और अमृतसर में IED से ब्लास्ट हुए, टाइमर या रिमोट से संचालित डिवाइस के इस्तेमाल की भी आशंका: DGP गौरव यादव
पुलिस ने अमृतसर और जालंधर ब्‍लास्‍ट के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ होने का शक जताया है.  
  • पुलिस ने अमृतसर और जालंधर ब्‍लास्‍ट के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ होने का शक जताया है.  
  • डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि दोनों ही घटनाओं में रिमोट ऑपरेटेड IED के इस्‍तेमाल के संकेत मिले हैं.
  • दोनों घटनाओं के बीच अभी कोई सीधा संबंध नहीं मिला है, जांच के लिए रूट चार्ट बनाकर काम किया जा रहा है.

अमृतसर और जालंधर ब्‍लास्‍ट मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पुलिस की जांच में सामने आया है कि जालंधर और अमृतसर में IED ब्लास्ट हुए हैं. पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने धमाकों के लिए टाइमर या रिमोट से संचालित डिवाइस के इस्‍तेमाल की भी आशंका जताई है. उन्‍होंने कहा कि दोनों ही घटनाओं में रिमोट ऑपरेटेड IED के इस्‍तेमाल के संकेत मिले हैं. इसके साथ ही उन्‍होंने ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने का भी शक जताया है.  

डीजीपी गौरव यादव ने जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों को 'ऑपरेशन सिंदूर' के एक साल पूरे होने को ध्यान में रखकर हमले कराए जाने की संभावना जताई है. साथ ही कहा कि खालिस्‍तान लिबरेशन आर्मी नाम का कोई वास्‍तविक संगठन मौजूद नहीं है. इसके नाम का इस्‍तेमाल भ्रामक तरीके से किया जा रहा है. उन्‍होंने कहा कि आईएसआई से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर ऐसे हमलों की जिम्मेदारी लेकर भ्रम फैलाते हैं. 

ये भी पढ़ें: देसी बम, टाइमर से किया गया ब्‍लास्‍ट... अमृतसर में आखिर हुआ क्‍या? पंजाब के DGP ने बताया

दोनों घटनाओं के बीच सीधा संबंध सामने नहीं आया: DGP

उन्‍होंने कहा कि जालंधर और अमृतसर की घटनाओं के बीच अभी तक कोई सीधा कनेक्शन सामने नहीं आया है. संदिग्धों की पहचान के लिए रूट चार्ट बनाकर जांच जारी है. 

उन्‍होंने पंजाब को 'फ्रंटलाइन स्टेट' बताते हुए इसे पाकिस्तान के खिलाफ प्रॉक्सी वॉर की स्थिति बताया. साथ ही कहा कि ऐसे हमलों के इनपुट समय-समय पर मिलते रहते हैं और पुलिस कार्रवाई करती है. 

ये भी पढ़ें: पंजाब में धमाकों पर भगवंत मान- ये राज्य में बीजेपी की चुनावी तैयारी है

ISI की पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश: DGP

डीजीपी ने कहा कि आईएसआई स्‍थानीय खालिस्तान समर्थक तत्वों के जरिए पंजाब को अस्थिर दिखाने की कोशिश करती रहती है. उन्‍होंने कहा कि पंजाब एक शांतिपूर्ण राज्य है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. पंजाब पुलिस ने इन तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें खत्म करने की बात कही है. 

यादव ने बताया कि स्थानीय आतंकी समूह ISI के समर्थन के बिना सक्रिय नहीं हैं. अमृतसर और जालंधर दोनों जगहों से CCTV फुटेज बरामद की गई है. उन्‍होंने बताया कि जिस स्कूटी का इस्तेमाल हुआ था, उसके मालिक डिलीवरी बॉय से भी पूछताछ की गई है. जालंधर पुलिस का कहना है कि उन्हें CCTV फुटेज जैसे अहम सुराग मिले हैं. 

बता दें कि मंगलवार रात को पंजाब में दो अलग-अलग जगहों पर दो धमाके हुए. पहला विस्फोट जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर रात करीब आठ बजे हुआ, जबकि दूसरा धमाका अमृतसर में रात करीब 11 बजे हुआ. दोनों घटनाओं की जांच चल रही है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Amritsar Blast, Jalandhar Blast, Punjab DGP Gaurav Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com