विज्ञापन
This Article is From Jun 15, 2025

रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, केदारनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत, सीएम धामी ने जताया दुख

इस घटना को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है. ये हेलीकॉप्टर किस कारण से क्रैश हुआ इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. क्रैश होने के कारणों को लेकर फिलहाल जांच चल रही है.

रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर क्रैश, पांच लोगों की मौत
  • रुद्रप्रयाग में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिसमें पांच लोग मारे गए हैं।
  • घटना सुबह करीब छह बजे गौरीकुंड के जंगलों में हुई, जिसकी सूचना मिली थी।
  • एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचने के लिए रवाना हो गई हैं।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में रविवार सुबह एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इस हादसे में 7 लोगों के मारे जाने की खबर है. मरने वालों में दो साल का बच्चा भी शामिल है.  घटना की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य किया. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार ये घटना सुबह करीब छह बचे की है. ये हादसा रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड के जंगलों में हुआ है. हेलीकॉप्टर किस वजह से क्रैश हुआ इसे लेकर अभी तक कोई अपडेट नहीं मिल पाया है. बताया जा रहा है कि ये हेलीकॉप्टर केदारनाथ से फाटा जा रहा था. इस हेलीकॉप्टर में श्रद्धा राजकुमार जायसवाल, काशी, राजकुमार सुरेश जायसवाल, विक्रम , विनोद देवी, तुष्टि सिंह, और पायलट राजवीर सिंह चौहान सवार थे.  इस घटना को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है.

Latest and Breaking News on NDTV

इस हादसे को लेकर सीएम पुष्कर धामी ने दुख जताते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है. एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं. बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं. 

आपको बता दें कि रुद्रप्रयाग और और चार धाम यात्रा रूट पर इस तरह का यह कोई पहला हादसा नहीं है. इसी महीने की सात तारीख को रुद्रप्रयाग में एक बड़ा हादसा टल गया था. उस दौरान केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर को राजमार्ग पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी. हालांकि, हेलीकॉप्टर में सवार सभी तीर्थयात्री और पायलट सुरक्षित थे.उस दौरान बताया गया था कि हेलीकॉप्टर ने बड़ासू हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी. लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण इसे आपात स्थिति में सिरसी के निकट राजमार्ग पर उतारना पड़ा था. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे और वे बाल-बाल बच गए थे. मामूली रूप से घायल हुए पायलट को अस्पताल ले जाया गया है. हेलीकॉप्टर को हवा में असंतुलित होकर सड़क पर आपात स्थिति में उतरते हुए देखा गया था.

Latest and Breaking News on NDTV

वहीं, पिछले महीने केदरानाथ में इमरजेंसी लैंडिंग (Kedarnath Helicoptor Emergency Landing) के दौरान हेलीकॉप्टर का पीछे का हिस्सा टूट गया था. गनीमत ये रही थी कि विमान सवार सभी यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था. सभी पूरी तरह सुरक्षित थे. जानकारी के मुताबिक जिस हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई वह ऋषिकेश एम्स का था, जो कि मरीज को लेने केदारनाथ पहुंचा था. लेकिन हेलीपैड से करीब 20 किमी. पहले इसकी इमरजेंसी लैडिंग करवानी पड़ी, उसी दौरान विमान अनियंत्रित होकर गिर पड़ा और इसके पीछे का हिस्सा टूट गया था. 

Latest and Breaking News on NDTV

बता दें कि ऋषिकेश एम्स में मरीजों को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध था. ये विमान केदारनाथ एक मरीज को लाने के लिए पहुंचा था. जानकारी के मुताबिक, इसमें दो डॉक्टर और एक पायलट मौजूद थे, सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले भी केदारनाथ में एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी. 

लेखक के बारे में
img
किशोर रावत
NDTV
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Helicopter Crash In Rudraprayag, Five Killed In Helicopter Crash
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com