गुजरात के भरूच जिले में सायखा GIDC स्थित फार्मा कंपनी में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया है. इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत होने की खबर है, जबकि दो अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है. घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सायखा की श्यांजिल फार्मा कंपनी में हाइड्रोजन रसायन का प्रोसेस चल रहा था. इसी दौरान बॉयलर में जोरदार धमाका हुआ. ब्लास्ट के बाद केमिकल वाला धुआं आसपास के इलाके में फैल गया, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बन गया.
गौर करने वाली बात है कि सायखा GIDC में ब्लास्ट की यह दूसरी घटना है. औद्योगिक इकाइयों में बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं के चलते सुरक्षा नियमों और इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
हाल ही गोधरा के हॉस्पिटल में लगी थी आग...
इससे पहले 11 अक्टूबर को गुजरात के गोधरा में एक मेडिकल कॉलेज से जुड़े सरकारी सिविल अस्पताल के दवा स्टोर रूम में आधी रात को भीषण आग लग गई थी. हादसे के बाद गर्भवती महिलाओं सहित 200 से ज्यादा मरीजों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया. अस्पताल परिसर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारी और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की वजह से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
यह भी पढ़ें | अक्षरधाम से मुंबई आतंकी हमले तक, देश के वो 5 बड़े ऑपरेशन, जब NSG ने पलक झपकते ही बदल दिया पासा
यह भी पढ़ें | अहमदाबाद के गरबा में गैर-हिंदुओं से मैदान छोड़ने की अपील; सिंगर आदित्य गढ़वी ने विवादित बयान से झाड़ा पल्ला
(इनपुट- भाविन रुषीभाई पटेल)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं