विज्ञापन

प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट के दावों पर FSSAI सख्त, नेस्ले, डॉ. रेड्डीज समेत कई कंपनियों को नोटिस, Amazon, Flipkart से भी जवाब तलब

FSSAI ने बड़ा एक्शन लिया है. जहां नेसले हेल्थ साइंस, अमेजन, फ्लिपकार्ट, डॉक्टर रेड्डी जैसे ब्रांड्स को नोटिस जारी किया गया है. इन कंपनियों पर आरोप है कि वह ऐसे प्रोडक्ट्स को बेच रहे हैं, जिनके ऊपर प्रोटीन को लेकर गलत दावे हैं.

प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट के दावों पर FSSAI सख्त, नेस्ले, डॉ. रेड्डीज समेत कई कंपनियों को नोटिस, Amazon, Flipkart से भी जवाब तलब
FSSAI ने नेस्ले, डॉ. रेड्डीज समेत कई कंपनियों को भेजे नोटिस
  • FSSAI ने प्रोटीन से जुड़े भ्रामक दावों को लेकर नेस्ले, डॉ. रेड्डीज समेत कई कंपनियों को नोटिस भेजा है.
  • इसके अलावा FSSAI ने Amazon और Flipkart से भी जवाब तलब किया गया है.
  • त्योहारी सीजन से पहले ही FSSAI सख्त नजर आ रही है, जहां लगातार एक्शन जारी है.

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही एक्शन मोड में आ गया है. जहां भ्रामक जानकारी देने के लिए कुछ बड़ी कंपनियों को FSSAI की तरफ से नोटिस जारी किया गया है. इस कार्रवाई की जद में ऑनलाइन विक्रेता, निर्माता और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म आए हैं, जिसमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, डॉक्टर रेड्डी, नेसले हेल्थ साइंस और तिरुपति वेलनेस जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. FSSAI का आरोप है कि ये कंपनियां उपभोक्ताओं को गुमराह कर रही हैं और निर्धारित फूड सेफ्टी मानकों को ताक पर रख रही हैं, जिसके मामले में यह कार्रवाई हुई है. 

क्यों FSSAI ने भेजा नोटिस 

दरअसल, FSSAI की तरफ से इन कंपनियों को भेजे गए नोटिस की वजह 'हेल्थ सप्लीमेंट्स' और 'फूड प्रोडक्ट्स' की मार्केटिंग के लिए किए जा रहे गलत दावों को लेकर हैं. FSSAI की सेंट्रल लाइसेंसिंग अथॉरिटी की जानकारी के मुताबिक  ये कंपनियां अपने उत्पादों को हाई प्रोटीन, नो शुगर या हेल्दी बताकर बेच रही थीं, लेकिन जांच में यह दावे पूरी तरह से खरे नहीं उतर पाए हैं, जिसके बाद FSSAI की तरफ से नोटिस भेजा गया. जिसमें खास तौर पर डॉ. रेड्डीज और नेस्ले जैसी कंपनियों के कुछ सप्लीमेंट्स में प्रोटीन दावों और विज्ञापनों में नियमों की गंभीर अनदेखी पाई गई. इसके अलावा श्रेयश रिटेल प्राइवेट लिमिटेड नामक एक बड़ी रीसेलर यूनिट द्वारा भी इन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिसके चलते FSSAI ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.

ये वीडियो भी देखिए

श्रेयश रिटेल पर 130 से ज्यादा शिकायतें

श्रेयश रिटेल के खिलाफ खिलाफ 130 से ज्यादा शिकायतें FSSAI को मिली थी. इनमें 70 से ज्यादा शिकायतें विशेष रूप से एक्सपायर्ड या खराब खाद्य उत्पादों की बिक्री से जुड़ी थीं, कुछ उपभोक्ताओं ने ऐसे उत्पाद खाने के बाद उल्टी होने की शिकायत भी की थी. कंपनी को पहले भी सुधार के नोटिस और निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह भविष्य में इस तरह के उल्लंघन रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं दिखा सकी. दिल्ली और नोएडा में फ्लिपकार्ट के ऑर्डर की वेयरहाउसिंग, पैकिंग और डिलीवरी से जुड़े परिसरों के निरीक्षण में भी एक्सपायर्ड और जल्द एक्सपायर होने वाले खाद्य उत्पाद पाए गए है. जबकि साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़ी कमियां भी सामने आईं हैं. 

नेक्स इंटरनेशनल पर भी कार्रवाई

FSSAI ने नेक्स इंटरनेशनल के खिलाफ भी कार्रवाई की है. कंपनी से लिए गए खुली किशमिश के सैंपल में तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक अवशेष पाए गए है. कंपनी की अपील के बाद सैंपल की दोबारा जांच रेफरल लैब में कराई गई. जहां दूसरी बार की जांच में भी मामला सही नहीं पाया गया था. क्योंकि इसमें बेनोमाइल और कार्बेंडाजिम समेत कई कीटनाशकों के अवशेष तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए थे. जिसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है.

जुर्माने की कार्रवाई करेगा FSSAI

त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही FSSAI पूरी तरह एक्टिव है. इस बार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. नोटिस जारी करने के साथ ही नियामक ने इन सभी कंपनियों से तय समय सीमा के भीतर जवाब मांगा है. अगर जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो इस बार भारी वित्तीय जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. FSSAI का कहना है कि केवल किसी भी पैकेट पर चमकीले हेल्थ क्लेम्स पर आंख बंद करके भरोसा नहीं किया जा सकता है. 

ये भी पढ़ेंः अब मावा और मिठाइयों में मिलावट की ऑन-द-स्पॉट होगी जांच, नहीं बच पाएंगे मिलावटखोर, ऐसे करें शिकायत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FSSAI Action, FSSAI News, Flipkart News, Amazon News Latest, FSSAI Notice
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com