विज्ञापन

पहले भारी मुनाफे का लालच देकर ठगा, फिर डराकर लूटा... 9 लोगों के गिरोह ने कारोबारी से ऐंठे 3.25 करोड़

मुंबई के कारोबारी से 9 लोगों के गिरोह ने निवेश के नाम पर 3 करोड़ 25 लाख रुपये ठग लिये. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले भारी मुनाफे का लालच देकर ठगा, फिर डराकर लूटा... 9 लोगों के गिरोह ने कारोबारी से ऐंठे 3.25 करोड़
  • मुंबई के एक कारोबारी से 9 सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह ने निवेश के नाम पर कुल 3 करोड़ 25 लाख रुपये ठगे
  • आरोपियों ने कारोबारी को झांसा देकर एक करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और बाद में बंदूक की नोक पर धमकाया
  • पीड़ित को विलेपार्ले में एक होटल में बुलाकर गिरोह के सदस्यों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई:

कम समय में ज्‍यादा मुनाफा कमाने के लालच में मुंबई का एक बिजनेसमैन ठगी का शिकार हो गया. आरोपियों ने पहले बिजनेसमैन से एक करोड़ रुपये ठगे, फिर बंदूक की नोक पर डरा-धमकाकर 2.25 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए. पुलिस ने बताया कि नौ सदस्यीय इंटरस्‍टेट गिरोह ने निवेश के बदले भारी मुनाफे का लालच देकर मुंबई के कारोबारी से कथित तौर पर 3.25 करोड़ रुपये ऐंठ लिये. इस दौरान उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी. विलेपार्ले थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई, ओडिशा, बिहार और झारखंड के निवासी इन नौ आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.

भारी मुनाफे का दिया था झांसा 

मुंबई पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित की एक निजी कंपनी है और वह जुलाई 2025 में चार आरोपियों के संपर्क में आया था. इन आरोपियों ने खुद को ब्रोकर बताया और ‘आर्कशिप ग्रुप' नामक कंपनी में निवेश करने पर मुनाफे का वादा किया. उन्होंने बताया कि झांसे में आकर कारोबारी ने एक करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किये. बाद में उसे पता चला कि यह राशि ‘मानव धर्मयोग' नामक एक एनजीओ के खाते में भेज दी गई है. अधिकारी ने बताया कि जब पीड़ित ने इस पर सवाल उठाया, तो आरोपियों ने उसे और उसकी कंपनी के महाप्रबंधक को विले पार्ले में ‘वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे' के पास एक होटल में बुलाया. वहां गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर दोनों से मारपीट की और बंदूक के बल पर धमकाया.

Latest and Breaking News on NDTV

3 करोड़ रुपये की मांगी फिरौती 

पीड़ित ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी. जान के डर से व्यवसायी ने आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में करीब 2.25 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिये गए. पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने उसे छोड़ दिया, लेकिन पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. हालांकि, परिवार और दोस्तों की सलाह पर पीड़ित ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

ये भी पढ़ें :-500 करोड़ से ज्यादा के ठगी मामले में ईडी का एक्शन, दिल्ली‑NCR और गोवा में छापेमारी

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने हाल में नौ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जबरन वसूली, गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.अधिकारियों ने बताया कि मामले को जांच के लिए मुंबई अपराध शाखा को सौंप दिया गया है और प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि आरोपी एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें :- मायके से 30 लाख लाओ या अपनी किडनी दो, कानपुर की महिला से दहेज में खौफनाक डिमांड

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com