स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश और सरकारी काम में बाधा डालने पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' प्रमुख अभिजीत दिपके पर FIR दर्ज हो गई है. असल में अभिजीत दिपके पर औसा शहर के एक जिला परिषद स्कूल में बिना अनुमति के प्रवेश करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप है. पुलिस ने उनके और एक अन्य पार्टी कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
यह घटना 20 अगस्त को दिपके द्वारा किए गए लातूर दौरे से जुड़ी है. दावा किया गया है कि स्कूल परिसर में बिना किसी पूर्व अनुमति के प्रवेश किया गया. इसके अलावा वहां मौजूद सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के काम में रुकावट पैदा करने की कोशिश हुई. संबंधित अधिकारियों की शिकायत के बाद औसा पुलिस स्टेशन में दोनों नेताओं के खिलाफ आधिकारिक तौर पर FIR दर्ज कर ली गई है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले अभिजीत दिपके ने औसा शहर के जिला परिषद स्कूल का औचक दौरा किया था. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य स्कूल की व्यवस्थाओं और वहां की स्थिति का जायजा लेना था.
अपने निरीक्षण के दौरान दिपके ने स्कूल में साफ-सफाई, शौचालय , पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति पर कड़े सवाल खड़े किए थे. उन्होंने स्कूल में पाई गई कमियों को लेकर वहां के प्रधानाध्यापक से भी सीधे तौर पर जवाब-तलब किया था और स्पष्टीकरण मांगा था.
स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का आरोप है कि इस पूरे निरीक्षण और पूछताछ के लिए अभिजीत दिपके या उनके समर्थकों ने किसी भी संबंधित अधिकारी से कोई वैध अनुमति नहीं ली थी.
ये भी पढ़ें- आंकड़ों में देश की शिक्षा का पूरा हाल
शिकायत में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि उनके इस अनधिकृत दौरे और व्यवहार से स्कूल के दैनिक कामकाज और सरकारी अधिकारियों के कार्य में बाधा उत्पन्न हुई. इसी आधार पर औसा पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं