विज्ञापन
This Article is From Dec 10, 2020

'किसान आंदोलन में पाक-चीन का हाथ' वाले बयान पर नाराज सिख संस्था, बताया 'किसानों का अपमान'

दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट समिति (DSGMC) के अध्यक्ष ने इस बात की निंदा की कि किसानों को विरोध जताने के लिए 'राष्ट्रद्रोही' और 'अराजक' बताया जा रहा है. ऐसी घटनाओं को 'शर्मनाक' बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और प्रवक्ता लगातार ऐसे आरोप लगा रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री रावसाहब दानवे ने किसान आंदोलन को लेकर यह बयान दिया था.
नई दिल्ली:

Farmers' Protests : केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के उस बयान पर दिल्ली की एक बड़ी सिख संस्था (Delhi Sikh Body) ने कड़ा एतराज जताया है, जिसमें उन्होंने देशभर में चल रहे किसान आंदोलन के पीछे पाकिस्तान और चीन का हाथ होने की बात की थी. सिख संस्था ने इसे 'अपमानजनक' बताया है. दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट समिति (DSGMC) ने इस बात की निंदा की कि किसानों को विरोध जताने के लिए 'राष्ट्रद्रोही' और 'अराजक' बताया जा रहा है. 

DSGMC के अध्यक्ष एस मजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि 'किसान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार न्याय करने में असमर्थ रही है. जो किसान खुद देश के लिए लड़ते और अपनी जान देते हैं, अन्न उगाते हैं, जिनके बच्चे भी देश के लिए शहीद हो जाते हैं, उनको राष्ट्रद्रोही दिखाने की कोशिश मत कीजिए.' ऐसी घटनाओं को 'शर्मनाक' बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और प्रवक्ता लगातार ऐसे आरोप लगा रहे हैं.

बता दें कि हजारों की संख्या में पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के किसान सितंबर में पास किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ दो हफ्तों से प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्हें विपक्षी पार्टियों का समर्थन भी मिल रहा है. सरकार के साथ कई राउडं में हुई बातचीत भी असफल रही है. किसान कानूनों को रद्द करवाना चाहते हैं, लेकिन सरकार पर संशोधन को तैयार है.

यह भी पढ़ें: रवीश कुमार का ब्लॉग : सरकार के प्रस्ताव को ठुकराने वाले किसान क्या अंबानी-अडानी से लड़ पाएँगे ?

रावसाहेब दानवे ने बुधवार को महाराष्ट्र के जलना जिले में एक कार्यक्रम में किसानों के प्रदर्शन पर बयान दिया था. दानवे ने कहा था, 'जो आंदोलन चल रहा है, वह किसानों का नहीं है. इसके पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ है. इस देश में मुसलमानों को पहले भड़काया गया. (उन्हें) क्या कहा गया? एनआरसी आ रहा है, सीएए आ रहा है और छह माह में मुसलमानों को इस देश को छोड़ना होगा. क्या एक भी मुस्लिम ने देश छोड़ा?' उन्होंने आगे कहा, 'वे प्रयास सफल नहीं हुए और अब किसानों को बताया जा रहा है कि उन्हें नुकसान सहना पड़ेगा. यह दूसरे देशों की साजिश है.'

इसके कुछ दिन पहले हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भी कथित रूप से आरोप लगाया था कि किसान आंदोलन को पाकिस्तान और चीन की तरफ से भड़काया जा रहा है.

Video: रवीश कुमार का प्राइम टाइम : किसान और सरकार आमने-सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Farmer Protest, Delhi Sikh Body, Anti-national, Raosaheb Danve Patil
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com