- फरीदाबाद में रोड रेज, साइड मांगने पर चली गोलियां
- ASI के बेटे ने दो भाइयों को मारी गोली
- पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार
हरियाणा के फरीदाबाद में एक मामूली रोड रेज विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब रास्ता देने को लेकर हुए विवाद के दौरान ASI के बेटे ने दो युवकों को गोली मार दी. ये घटना खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी के पास हुई. आरोप है कि कार साइड देने को लेकर शुरू हुए विवाद में एक युवक ने गाली-गलौज के बाद लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. गोली लगने से प्रशांत और प्रिंस नाम के दो युवक घायल हो गए. दोनों का इलाज सेक्टर-21ए स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है.
आरोपी पुलिसकर्मी का बेटा
खेड़ी पुल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की थी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी रिवॉल्वर और इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है. घटनास्थल से सात जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी 28 वर्षीय जसवंत भारत कॉलोनी का ही रहने वाला है. वह दिल्ली पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) का बेटा है और एनआईटी क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल के बिलिंग विभाग में कार्यरत है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वाहन को रास्ता देने के विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई.
रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित पक्ष ने NDTV को बताया कि भारत कॉलोनी निवासी पीयूष 12 नवंबर की रात अपने भाई प्रिंस, रिश्तेदार प्रशांत और अन्य परिजनों के साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे. उन्हें अपनी बुआ को लेने जाना था. परिजनों का आरोप है कि घर से करीब 100 मीटर दूरी पर सेंट्रल बैंक के पास कई वाहन खड़े थे, जिससे रास्ता संकरा हो गया था. इसी दौरान उन्होंने आगे खड़ी एक मारुति ब्रेजा कार से साइड देने को कहा. शिकायत के अनुसार कार चला रहा युवक, जिसकी पहचान जसवंत के रूप में हुई, साइड देने के बजाय अपनी गाड़ी सामने खड़ी कर बहस करने लगा.
गाली-गलौज के बाद चली गोलियां
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जसवंत कार से बाहर निकला और गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसने रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. परिवार का कहना है कि आरोपी ने तीन से चार राउंड फायर किए. गोलियां लगने से 27 वर्षीय प्रशांत और 23 वर्षीय प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली प्रशांत के गर्दन के पास लगी, जबकि प्रिंस के सीने में गोली लगी. फायरिंग होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार के सदस्यों के अनुसार डॉक्टरों ने प्रिंस के शरीर से गोली निकाल दी है, जबकि प्रशांत की सर्जरी की तैयारी की गई. प्रशांत इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम चलाते हैं, जबकि प्रिंस बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र है. परिजनों ने बताया कि प्रशांत के घर महज चार दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ था और परिवार में जश्न की तैयारियां चल रही थीं.
यह भी पढ़ें : थार जब्त हुई तो सड़क पर मचा दिया बवाल, गुरुग्राम में युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस को देने लगा गालियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं