विज्ञापन
This Article is From Apr 10, 2021

कोरोना के बीच चार राज्यों में चुनाव खत्म, चुनाव आयोग ने अब दी है चुनावी रैलियों को लेकर चेतावनी

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि अगर चुनावी रैलियों में कोविड के खिलाफ नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उम्मीदवारों और स्टार कैंपेनरों को आगे रैलियां करने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है.

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनावी रैलियों को लेकर नोटिस जारी किया था. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
नई दिल्ली:

भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को एक नई चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर विधानसभा चुनावों के दौरान चुनावी रैलियों में कोविड के खिलाफ नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उम्मीदवारों और स्टार कैंपेनरों को आगे रैलियां करने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है. आयोग की यह चेतावनी तब आई है, जब तीन दिन पहले ही तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश- असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में वोटिंग संपन्न हो चुकी है. इन राज्यों में वोटिंग और चुनाव प्रचार के दौरान कोविड नियमों की धज्जियां उड़ती हुई दिखी थीं. आज पश्चिम बंगाल में चौथे चरण की वोटिंग हो रही है. अभी वहां चार चरणों का मतदान बाकी है.

चुनाव आयोग ने अपने नोटिस में कहा है, 'आयोग के संज्ञान में ऐसी चुनावी बैठकों/प्रचार कार्यक्रमों की जानकारी आई है, जहां आयोग के सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने जैसे नियमों का उल्लंघन होता दिखा. ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जहां स्टार कैंपेनर्स/राजनीतिक नेता/उम्मीदवारों ने खुद स्टेज पर मास्क नहीं लगाया है और कोविड के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. ऐसा करके वो खुद को और जनता को संक्रमण के खतरे में डाल रहे हैं.'

आयोग ने आगे कहा कि 'उल्लंघन की स्थिति में आयोग जनसभाओं और रैलियों को बैन करने में हिचकेगा नहीं.'

यह भी पढ़ें : Covid टेस्टिंग से ज्यादा चुनाव जरूरी, चुनावी राज्यों में रैलियों में भीड़ बढ़ी, टेस्टिंग घटी

बता दें कि देश में पिछले दो महीनों में कोरोना के मामलों में 13 गुना बढ़ोतरी हुई है. कोरोना की दूसरी लहर ने देश को बुरी तरह अपने चपेट में ले लिया है. पिछले कई महीनों से देश में कोविड के नियमों का उल्लंघन होता दिख रहा था. शनिवार की सुबह तक देश में कोरोना के अब तक सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं. देश में पहली बार 1.45 लाख नए मामले मिले हैं. 

हालांकि, पिछले महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और ममता बनर्जी, राहुल गांधी जैसे दूसरे कई विपक्षी नेताओं ने जमकर रैलियां और जनसभाएं की हैं. वहीं, कई त्योहारों और धार्मिक गतिविधियों के चलते भीड़ में संक्रमण का डर फैला है. इससे कोरोना के मामलों में और तेजी आई है.

यह भी पढ़ें : अलग देश बन गए हैं अमित शाह, उन पर लागू नहीं होते भारत के कानून

दूसरी लहर पहली लहर से भी तेज है. कोरोना की पहली लहर पिछले साल सितंबर में सबसे ऊंची थी. उस दौरान एक दिन में 97,000 केस आए थे. लेकिन आज शनिवार को सुबह पिछले 24 घंटों में अब तक के सर्वाधिक एक लाख 45 हजार 384 नए मामले सामने आए हैं, जिससे संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,32,05,926 हो गए हैं.

पिछले 24 घंटों के अंदर 794 मरीजों की मौत हुई है. जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या 1,68,436 हो गई है. लगातार चार दिनों से देश में 1 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं. पिछले 5 दिनों में 6 लाख 16 हजार 859 नए मामले और 3,335 मौतें हुई हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Coronavirus, Assembly Elections 2021, Election Commission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com