- समस्तीपुर जिले के सातनपुर में एनएच-28 पर यात्रियों से भरी बस में अचानक भीषण आग लग गई थी
- बस रोसड़ा से पटना जा रही थी और आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी
- यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से कूदकर सुरक्षित जगह पहुंचना प्राथमिकता दी थी
बिहार में समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सातनपुर में NH-28 पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए यात्री चलती बस से कूदने लगे. हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
अचानक बस में आग लगी
जानकारी के अनुसार, बस रोसड़ा से यात्रियों को लेकर पटना जा रही थी. रोज की तरह बस में यात्री बैठे थे, कोई पटना में काम के लिए जा रहा था, कोई अस्पताल, कोई अपने घर. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में ये सफर मौत के मुंह में बदल जाएगा. इसी दौरान सातनपुर के पास NH-28 पर अचानक बस में आग लग गई. पहले बस के इंजन की तरफ से धुआं उठता दिखा, फिर देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. बस से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
चलती बस से कूदे यात्री
बस के अंदर बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई. लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए खिड़की और दरवाजे से बाहर निकलने लगे. कई यात्री तो अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से ही कूद गए. जो यात्री कूदे, उन्हें हल्की चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने अपनी जान बचा ली. सड़क पर मौजूद लोगों ने जैसे ही बस को आग की लपटों में देखा, उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े.
दूर से ही काला धुआं दिखाई दिया...
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग इतनी भयंकर थी कि दूर से ही काला धुआं दिखाई दे रहा था. NH-28 पर काफी देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही. हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए.
फिलहाल आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और फायर विभाग की टीम जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि अगर ड्राइवर और कंडक्टर ने समय पर बस नहीं रोकी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं