- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- गिरोह मध्य प्रदेश से हथियार लाकर दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में सप्लाई करता था
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, अतिरिक्त मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं
15 अगस्त से पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने एक बड़े ऑपरेशन में अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 अवैध हथियार, 10 अतिरिक्त मैगजीन और 9 एमएम के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
MP से हथियार लाकर दिल्ली-यूपी में सप्लाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में सप्लाई करता था. गिरोह के सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल करते थे, ताकि सप्लायर, खरीदार और तस्करों के बीच संपर्क बना रहे और पुलिस को भनक न लगे.

डीसीपी स्पेशल सेल नारा चैतन्य से मिली जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की बड़ी खेप दिल्ली-एनसीआर में पहुंचाई जा रही है. इसके बाद पुलिस टीम ने 5 जुलाई को कार्रवाई करते हुए हरीश चंद्र को गिरफ्तार किया. उसके पास से 8 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और आठ मैगजीन बरामद हुईं.
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में हरीश ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से हथियार लाता था और गिरोह के सरगना शिशपाल सिंह उर्फ यश चौधरी के कहने पर अलग-अलग लोगों तक पहुंचाता था. इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी कर प्रीतपाल सिंह, शिशपाल सिंह, कुलदीप सागर, अगेश कुमार, नूर मोहम्मद उर्फ तस्लीम, मोहम्मद शान और विक्रम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया.

सोशल मीडिया से चल रहा था पूरा नेटवर्क
दिल्ली पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना शिशपाल सिंह उर्फ यश चौधरी पिछले करीब तीन साल से अवैध हथियारों का कारोबार चला रहा था. वह फर्जी फेसबुक, इंस्टाग्राम प्रोफाइल और वर्चुअल नंबरों के जरिए खरीदारों और सप्लायरों से संपर्क करता था. हथियारों को पहले अलग-अलग ठिकानों पर छिपाया जाता था और फिर ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 देसी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 10 अतिरिक्त मैगजीन, 9 एमएम के 5 जिंदा कारतूस, 1 अन्य जिंदा कारतूस और 1 लोहे का हंसिया बरामद किया है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना शिशपाल सिंह वर्ष 2021 में भी अवैध हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. वहीं नूर मोहम्मद उर्फ तस्लीम पर पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद शान के खिलाफ 6 केस दर्ज बताए गए हैं.
यह भी पढ़ें; अभिजीत दीपके के खिलाफ फैजान अंसारी ने करवाई FIR, बोले- इनके लोगों ने मुझ पर हमला किया, गिरफ्तार करो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं