विज्ञापन
This Article is From May 30, 2025

देशभर में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, सिर्फ महाराष्ट्र में 84 नए मामले; यूपी और हरियाणा भी अलर्ट पर

उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस एक बार फिर से रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है. राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 59 पहुंच गई है. अकेले गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में बीते 24 घंटे में 19 नए केस सामने आए हैं.

देशभर में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, सिर्फ महाराष्ट्र में 84 नए मामले; यूपी और हरियाणा भी अलर्ट पर
मुंबई:

देशभर में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं. इसमें सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं. शुक्रवार को ही महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 84 नए मरीज मिले हैं. प्रदेश में इस साल अब तक 681 लोगों में कोविड की पुष्टि हो चुकी है. हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण हैं और लोगों को दहशत में आने की जरूरत नहीं है.

विभाग ने बताया कि नए मामलों में से मुंबई में 32, ठाणे जिले में दो, ठाणे नगर निगम क्षेत्र में 14, नवी मुंबई में एक, कल्याण-डोंबिवली नगर निगम क्षेत्र में एक, रायगढ़ जिले में दो, पनवेल में एक, नासिक शहर में एक, पुणे जिले में एक, पुणे नगर निगम में 19, पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम में तीन, सतारा में दो, कोल्हापुर जिले में एक, कोल्हापुर नगर निगम में एक और सांगली नगर निगम क्षेत्र में तीन मामले शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV
राज्य में कोविड-19 के 467 मरीज इलाजरत हैं, जबकि सिर्फ मुंबई में जनवरी 2025 से अब तक सामने आए मामलों की संख्या 411 है. वहीं जनवरी से अब तक 10,324 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 681 पॉजिटिव पाये गए. एक जनवरी से अब तक राज्य में कोविड-19 के सात मरीजों की मौत हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच और उपचार की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा लोगों को दहशत में आने की जरूरत नहीं है.

यूपी में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, नोएडा में सतर्कता बढ़ी

इधर उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस एक बार फिर से रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है. राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 59 पहुंच गई है. अकेले गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में बीते 24 घंटे में 19 नए केस सामने आए हैं, जिससे जिले में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 43 हो गई है. वहीं, पूरे राज्य में कोरोना से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. नोएडा के जिला अस्पतालों में एक बार फिर से कोरोना की जांच कराने वालों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

जिला निगरानी अधिकारी डॉ. टीकम सिंह ने जानकारी दी कि सभी मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है और किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है. उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों से कोरोना संक्रमित मरीजों के नमूने मांगे गए हैं, जिनकी जीनोम सीक्वेंसिंग दिल्ली या लखनऊ भेजकर कराई जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि कौन सा वेरिएंट फिलहाल सक्रिय है. सात दिन के बाद मरीजों की दोबारा जांच की जाएगी.

कोरोना को लेकर प्रयागराज में प्रशासन सतर्क

इस बीच प्रयागराज में भी प्रशासन सतर्क हो गया है. मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में करीब ढाई साल बाद फिर से कोरोना सैंपल की जांच शुरू की जा रही है. कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने शासन से आरटी-पीसीआर जांच किट की मांग की है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 मई को कोविड-19 के नए सब-वेरिएंट जेएन.1 के मामलों को देखते हुए एक उच्चस्तरीय बैठक की थी. उन्होंने प्रदेश में कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि अभी घबराने जैसी कोई बात नहीं है, लेकिन वैश्विक हालात को देखते हुए सतर्कता और सावधानी जरूरी है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें. राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग फिर से सक्रिय हो गया है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं.

Latest and Breaking News on NDTV

गाजियाबाद में मिले पांच कोविड पॉजिटिव मरीज

वहीं सिर्फ गाजियाबाद में शुक्रवार को पांच कोविड पॉजिटिव मरीज मिले हैं. जो पांच मरीज मिले हैं, उनमें 28 और 46 साल की दो महिलाएं हैं. जबकि 32, 26 और 39 साल के तीन पुरुष हैं. कुल एक्टिव मरीजों की संख्या अब 19 हो गई है.

गुरुग्राम में कोरोना के तीन नए मरीज मिले

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में भी कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है. शुक्रवार को गुरुग्राम में कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं. यहां अब तक 16 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 9 एक्टिव केस है. वहीं 7 लोग ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 82 लोगों के सैंपल टेस्ट किए थे. 

लेखक के बारे में
img
चंदन वत्स
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Covid Cases In India, Cases Of Corona Virus, Corona Virus Infection In Delhi, Corona Virus Infection In Maharashtra, Corona Active Case In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com