महिला पहलवानों से यौन शोषण मामले में बृज भूषण शरण सिंह को कोर्ट ने बरी कर दिया है. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज अहम फैसला देते हुए बृज भूषण सिंह को बरी किया है. कोर्ट ने सबूतों के आभाव में उनको बरी कर दिया है. आपको बता दें कि वह साल 2023 से जमानत पर चल रहे थे. लेकिन, आज इस मामले में कोर्ट का फैसला आ गया है. फैसला आने के बाद बृज भूषण शरण सिंह का पहला रिएक्शन भी आ गया है.
बृज भूषण शरण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि "सबसे पहले कोर्ट ने ये कहा कि बृज भूषण शरण सिंह और विनोद तोमर, आप दोनों को बाइज्जत बरी किया जाता है." उन्होंने आगे कहा कि "पहले दिन से मैंने कहा था कि अगर उनके खिलाफ कोई भी आरोप साबित हो जाता तो वह स्वत: फांसी पर लटक जाते. आज कोर्ट ने बाइज्जत बरी किया, मेरे लिए प्रशंसा का विषय है, मेरे प्रशंसकों के लिए प्रशंसा का विषय है."
आपको बता दें कि 18 जनवरी 2023 को इंटरनेशनल लेवल की 6 पहलवानों ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया था. महिला पहलवानों ने त्कालीन खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. हालांकि, शुरुआती दिनों में इस मामले में सरकार के स्तर से कोई कार्रवाई न होने का आरोप लगाकर महिला-पुरुष पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छह महीने से भी अधिक समय तक धरना दिया था.
ब्रजभूषण शरण सिंह यूपी के कैसरगंज से भाजपा सांसद रहे हैं. हाल में ही उन्होंने काफी तल्ख तेवर भी पार्टी को दिखाया था. कुछ समय पहले उन्होंने बिहार के भागलपुर में आयोजित बाबू वीर कुंवर सिंह विजय उत्सव के मंच से अपनी ही सरकार और मौजूदा राजनीतिक हालात पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने भरे मन और चुनौती भरे लहजे में कहा कि आज सरकार की नजरों में उनका और उनके समाज का कोई अस्तित्व नहीं बचा है.
ब्रजभूषण शरण सिंह ने भरे मंच से कहा था कि, "अगर किसी को लगता है कि हम भार बन चुके हैं, तो बस एक बार कह दें कि हमारी जरूरत नहीं है.चाहे 2027 हो या 2029 का चुनाव, हम अपनी उपयोगिता साबित करके दिखा देंगे."उन्होंने क्षत्रिय समाज को एकजुट होने का आह्वान करते हुए आत्ममंथन की सलाह भी दी थी. साथ ही नाराजगी जताते हुए कहा था कि यह हमारी चुप्पी का नतीजा है कि आज हमें तवज्जो नहीं दी जा रही है. अब आरोप से बरी होने के बाद पार्टी में उनका कद कितना बढ़ता है, ये देखने वाली बात होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं