- सुबह 11 बजे साधु-संतों की अगुवाई में भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा की शुरुआत हुई
- इस बार यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं
- सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे रूट पर नजर रखी जा रही है
सावन के पहले सोमवार यानी आज नूंह से ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभायात्रा निकली. सुबह 11 बजे साधु-संतों की अगुवाई में भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा की शुरुआत हुई. यात्रा नूंह से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका होते हुए पुनहाना के सिंगार (श्रृंगार) मंदिर तक जाएगी. आयोजकों के मुताबिक, इस बार हजारों श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में साधु-संतों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई. आयोजन समिति ने कहा कि यात्रा धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है और सभी 36 बिरादरियों की भागीदारी होगी. इस यात्रा में शामिल होने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को भी निमंत्रण दिया गया.
बता दें, इस बार यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. करीब 2200 पुलिसकर्मी तैनात हैं. 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और 12 डीएसपी सुरक्षा-व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं. यात्रा मार्ग पर 28 चेक नाके, हर वाहन और व्यक्ति की जांच तथा वीडियोग्राफी की जा रही है. 5 ड्रोन और 20 वीडियो कैमरों से निगरानी हो रही है.

सीसीटीवी कैमरों से पूरे रूट पर नजर
सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे रूट पर नजर रखी जा रही है. घुड़सवार पुलिस, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, कमांडो और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती है. संवेदनशील स्थानों पर लाइट मशीन गन, टीयर गैस टीम और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी मौजूद है. बड़कली चौक और केएमपी रेवासन पुल सहित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा की गई.

आईजी ओम प्रकाश ने नालेश्वर मंदिर और यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
दक्षिण रेंज के आईजी ओम प्रकाश नरवाल ने नालेश्वर मंदिर और यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा बलों का फ्लैग मार्च कराया गया. यात्रा मार्ग पर मीट और मांस की दुकानों को भी बंद रखा गया. प्रशासन के अनुसार फिलहाल इंटरनेट बंद करने की कोई योजना नहीं है. बाजार बंद कराने के लिए पुलिस की ओर से कोई दबाव नहीं, निर्णय व्यापारियों पर छोड़ा गया है. पुलिस और प्रशासन का दावा यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के पूरे इंतजाम किए हैं. आईजी ने मेवात की 36 बिरादरियों से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें- Sawan 2026: चारों सावन सोमवार पर बन रहे दुर्लभ संयोग, ऐसे करें जलाभिषेक, मिलेगा शुभ परिणाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं