दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में प्रदूषण से बुरा हाल है. सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के बावजूद लोग धड़ल्ले से उनका उल्लंघन करते दिखे. इस बीच पश्चिम बंगाल की बीजेपी विधायक का बयान चर्चा में है. दरअसल, कोलकाता में काली पूजा के एक समारोह के दौरान टॉलीगंज विधायक पापिया अधिकारी ने नियमों का पालन करते हुए पटाखे जलाने का आग्रह किया और साथ ही कहा कि पटाखे जलाने से बीमारियां दूर होती हैं. इसी बयान को लेकर चर्चा होनी शुरू हो गई. पापिया वायरल वीडियो में कहती दिख रही हैं कि हमारे मुख्यमंत्री ने पहले ही कहा है कि पटाखों के बिना काली पूजा की कल्पना भी नहीं की जा सकती इसलिए इसका इस्तेमाल जरूर किया जाएगा हालांकि हम स्थानीय पुलिस स्टेशनों द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए ही पटाखे जलाएंगे. इसके साथ ही आपने देखा होगा कि पटाखे जलाने से अक्सर कई बीमारियों से बचाव होता है.
शुभेंदु अधिकारी ने की थी इको फ्रेंडली पटाखों की बात
बता दें कि काली पूजा से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पटाखों के इस्तेमाल को लेकर खास संदेश दिया. उन्होंने इको फ्रेंडली पटाखों के इस्तेमाल की अपील की. साथ ही कहा कि बेहद तेज आवाज करने वाले पटाखों पर बैन और उन्होंने ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर बार-बार जोर भी दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन राज्य के अलग अलग हिस्सों में कड़ी निगरानी कर रहे हैं. पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त भी किए हैं.
दिल्ली से लेकर मुंबई तक दिवाली के बाद हवा खराब
गौरतलब है कि दीपावली पर तय समयसीमा के काफी बाद तक राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए जाने के कारण आज दिल्ली की प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया. सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं तो शहर का आसमान स्मॉग से ढका था. सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और लोगों को आंखों तथा गले में फिर से जलन महसूस होने लगी थी. वहीं मुंबई की हवा पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर रही. शाम होते ही पटाखों के धुएं ने प्रदूषण बढ़ा दिया. रविवार को 132 का AQI दर्ज किया, जो पिछले साल इसी अवधि में दर्ज 188 की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम है हालांकि दिन के समय साफ हवा शाम को पटाखे फोड़ने के साथ ही तेजी से खराब हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं