विज्ञापन

Bigg Boss फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल गिरफ्तार, चचेरे साले पर हमले का आरोप

राज चौहान ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि अनुराग ने गला दबाने के साथ उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की.

Bigg Boss फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल गिरफ्तार, चचेरे साले पर हमले का आरोप
  • देहरादून के यूट्यूबर अनुराग डोभाल पर चचेरे साले राज सिंह चौहान ने जानलेवा हमले का आरोप लगाया है.
  • नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मारपीट, धमकी और जान से मारने की कोशिश के आरोप में अनुराग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
  • पुलिस ने यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

बिग बॉस से चर्चा में आए देहरादून के यूट्यूबर अनुराग डोभाल फिर से विवादों में है. इस बार विवाद का विषय अनुराग डोभाल के चचेरे साले को लेकर है. अनुराग डोभाल के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि अनुराग ने अपने 8  से 10 साथियों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया और जमकर पिटाई की. पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में यूट्यूबर अनुराग डोभाल और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकना, जान से मारने की कोशिश के साथ  धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है. वहीं, इस मामले में पुलिस ने यूट्यूब पर अनुराग डोभाल समेत उसके चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है.

यूट्यूबर अनुराग डोभाल के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने बताया कि वह एक कार कंपनी के शोरूम में नौकरी करते हैं. बीते 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उनसे मिलने शोरूम पहुंचे थे. काम में व्यस्त होने के कारण राज ने थोड़ी देर बाद मिलने को कहा . रात करीब 8 बजे जब वह येलो हिल्स कैफे के पास पहुंचे, तो अनुराग और उनके साथी वहां कार में बैठे मिले. राज चौहान ने आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान अनुराग ने धमकाने के अंदाज में कहा कि वह दो हत्याएं कर चुके हैं और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता. इसके बाद अचानक अनुराग ने पीछे से उनका गला दबा दिया.

राज चौहान ने पुलिस को बताया कि अनुराग ने गला दबाने के साथ उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की. जब फोन नहीं छीन सके तो अनुराग ने साथियों से राज को जान से मारने को कहा. आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उन्हें कार के नीचे डालने की कोशिश की और लोहे की किसी चीज से सिर, छाती और मुंह पर वार किए. राज के अनुसार एक आरोपी ने चाकू और बंदूक दिखाकर भी डराया. पीड़ित का यह भी कहना है कि मारपीट के दौरान उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई उनकी घड़ी और सोने की चेन भी आरोपी निकालकर ले गए.

फिलहाल नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि, मामले में आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी. मामले में एसपी सिटी ने बताया कि मामले 04 को गिरफ्तार किया गया है कार्यवाही जारी है.ॉ

ये भी पढ़ें : जब पाकिस्तान में घुसा भारतीय खुफिया जेट, स्पीड ऐसी कि कुछ कर न सकी पाक वायुसेना- पायलट ने पहली बार सुनाई कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anurag Dobhal, YouTuber Anurag Dobhal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com