Bharat Bandh Today Live Updates: किसानों के भारत बंद के आह्वान से रेलवे, हाईवे और मेट्रो सेवा पर गहरा असर पड़ा है. दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर पर कारों का लंबा रेला देखा गया.दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे और कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे, एनएच 9 और एनएच 24 पर भी भीषण जाम लगा. किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को जाम कर दिया है. दिल्ली यूपी के गाजीपुर बॉर्डर को भी ब्लॉक कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने ऐहतियातन लाल किला जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया है. संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने (27 सितंबर) भारत बंद (Bharat Bandh on 27th September) का आह्वान किया था. इसका असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब जैसे उत्तर भारत के राज्यों में देखने को मिल रहा ह. हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसान रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं. वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने सुरक्षा कारणों से लाल किला और एक अन्य मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है. भारत बंद सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक जारी रहेगा. किसान संगठनों ने सभी देशवासियों को बंद में शामिल होने के साथ-साथ इसे पूरी तरह से सफल बनाने की अपील की है. संयुक्त किसान मोर्चा ने बंद के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की है. 40 से अधिक किसान संगठनों के निकाय एसकेएम ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले साल 27 सितंबर, 2020 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तीन किसान विरोधी काले कानूनों को मंजूरी दी थी और उन्हें लागू किया था. कल सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक देशभर में पूरी तरह से बंद रहेगा.'' राकेश टिकैत( Rakesh Tikait) ने कहा है कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और एंबुलेंस समेत किसी भी आपात सेवाओं को नहीं रोका जाएगा. बंद को कांग्रेस, लेफ्ट, राजद समेत 10 से ज्यादा विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है. बिहार में राजद कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद इलाके में किसानों ने बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए. किसानों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे (Delhi-Amritsar National Highway) को जाम कर दिया. किसान इस दौरान नारेबाजी करते दिखे. जबकि वहां ट्रकों की लंबी लाइनें लग गईं.
पूरी स्टोरी पढ़ें
Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world
Bharat Bandh, Farmers Protest, Agriculture Laws