विज्ञापन

बंगाल चुनावः एक्शन में IPS अजय पाल शर्मा, सुबह से ही लगा रहे TMC के गढ़ में गश्त

पश्चिम बंगाल के चुनाव में उत्तर प्रदेश के तेज तर्रार बताए जानेवाले IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को ऑब्जर्वर तैनात किया गया है.

बंगाल चुनावः एक्शन में IPS अजय पाल शर्मा, सुबह से ही लगा रहे TMC के गढ़ में गश्त
मतदान केंद्र पर सुरक्षाबलों के साथ IPS अजय पाल शर्मा
IANS

पश्चिम बंगाल में आज दूसरे और अंतिम दौर के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. पश्चिम बंगाल में इस बार सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच जबरदस्त संघर्ष हो रहा है. विपक्षी पार्टियां आरोप लगाती रही हैं कि पश्चिम बंगाल के चुनाव में धांधली होती है इसलिए इस बार चुनाव आयोग ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं और चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय सुरक्षाबल मौजूद हैं. हालांकि सत्ताधारी टीएमसी आरोप लगा रही है कि केंद्रीय बलों का दुरुपयोग कर मतदाताओं को डराया जा रहा है. इसी माहौल में एक IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा की बड़ी चर्चा हो रही है. उत्तर प्रदेश काडर के सख्त पुलिस अफसर शर्मा को पश्चिम बंगाल चुनाव में एक ऐसे इलाके में ऑब्जर्वर बनाया गया है जो तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है. 

सुबह से ही निरीक्षण में जुटे अजय पाल शर्मा

मतदान के दिन अजय पाल शर्मा सुबह से ही डायमंड हार्बर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर रहे हैं. शर्मा ने  कल रात भी इलाके का निरीक्षण किया था. इसके बाद आज वोटिंग वाले दिन शर्मा ने सुबह डायमंड हार्बर के विभिन्न संवेदनशील बूथों का फिर से निरीक्षण शुरू किया. उन्होंने सुबह 7:30 बजे से निरीक्षण शुरू किया और डायमंड हार्बर के सभी बूथों के साथ-साथ कुलपी क्षेत्र के कई बूथों का भी निरीक्षण किया.

डायमंड हार्बर में सुबह से ही मतदान सुचारू रूप से चल रहा है. अजय पाल शर्मा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए निरीक्षण कर रहे हैं. डायमंड हार्बर के बाद, उनका काफिला फाल्टा के लिए रवाना हो गया. टीएमसी के जहांगीर खान फाल्टा सीट से ही विधायक हैं जिन्हें शर्मा ने चेतावनी दी थी. 

देखिए Video:

तृणमूल के गढ़ में विधायक को दी चेतावनी

प्रयागराज में एसीपी के पद पर तैनात अजय पाल शर्मा ने पिछले दो दिनों से डायमंड हार्बर क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है. यह इलाका पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है. इस इलाके में उन्होंने टीएमसी के एक विधायक जहांगीर खान को चेतावनी भी दी थी जिसने एक राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया.

दरअसल ऐसा बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जहांगीर खान के समर्थक लोगों को डरा रहे हैं. इसी सिलसिले में अजय पाल शर्मा कल, सोमवार 27 अप्रैल को केंद्रीय सुरक्षाबलों के साथ जहांगीर खान के घर गए. यहां पहुंचकर उन्होंने कहा,"अगर किसी ने बदमाशी की तो कायदे से इलाज किया जाएगा. जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं. उसके बता देना कायदे से. ये बार-बार जो खबर आ रही है कि जहांगीर के लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना और पछताना मत करना."

भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने अजय पाल शर्मा का वीडियो शेयर किया. इसमें लिखा गया है - "उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और सिंघम कहे जाने वाले अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है. उन्होंने अभी-अभी भाईपो (भतीजे) के गुर्गे जहांगीर खान के परिवार वालों को कड़ी चेतावनी दी है."

अजय पाल शर्मा का ये वीडियो सामने आने के बाद अब जहांगीर खान का भी एक वीडियो सामने आया है. जहांगीर ने इसमें माइक हाथ में थामे अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेला उन्होंने शुरू किया है लेकिन इसका अंत हम करेंगे. 

ये भी पढ़ें-: मतदान तक नहीं हटाए जांएगे IPS अजय पाल शर्मा, कलकत्ता हाई कोर्ट से मिली राहत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com