- अयोध्या में दिवाली से एक दिन पहले सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए गए.
- अयोध्या के 10वें दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम था जिसमें उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, सीएम सहित कई नेता शामिल हुए.
- दीये जलाने के लिए 35000 से अधिक स्वयंसेवकों ने कई दिनों तक मेहनत कर आयोजन की तैयारी की थी.
दिवाली से ठीक एक दिन पहले भगवान राम की नगरी आयोध्या में भव्य आयोजन हुआ. सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये एक साथ जले तो पूरा शहर जगमगा उठा. यह अयोध्या के 10वें दीपोत्सव का मुख्य आयोजन था. उपराष्ट्रपति सीपी राधा कृष्णन, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई सीनियर नेता शामिल हुए. सरयू के घाटों पर दीये जलाने के लिए 35000 से ज्यादा वॉलिंटियर ने कई दिन तक मेहनत की थी. डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के छात्रों और वॉलिंटियरों ने घाटों पर दीयों को अलग-अलग आकृतियों में सजाया. मुख्य आयोजन राम की पैड़ी पर हुआ. आयोजन के दौरान ड्रोन से रामायण का स्पेशल शो दिखाया गया.

ड्रोन से हुआ रामायण का स्पेशल शो
अयोध्या में इस बार दीपोत्सव पर ड्रोन से रामायण का स्पेशल शो किया गया. 2100 स्वदेशी ड्रोन से आसमान में रामायण की कहानी दिखाई गई. जिसमें राम वनवास, सीता हरण, लंका दहन और राम के अयोध्या लौटने के दृश्य ड्रोन की रोशनी से बने तो हजारों दर्शक दंग रह गए. इसके अलावा 3D प्रोजेक्शन मैपिंग शो और भव्य आतिशबाजी ने भी लोगों का दिल जीत लिया.

दीपोत्सव का आयोजन 5 नवंबर से शुरू हुआ था और 9 नवंबर तक चलेगा. 9 नवंबर को अयोध्या के स्थानीय लोगों के लिए अलग से ड्रोन शो का आयोजन होगा. इस आयोजन के लिए 34 भारतीय राजदूतों को भी आमंत्रित किया गया था, जो विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं.

राम की पैड़ी पर भव्य आयोजन
अयोध्या में मुख्य कार्यक्रम राम की पैड़ी पर हुआ. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि रहे, जबकि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे, तीनों नेताओं ने राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित किया और सरयू आरती में हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में आयोध्या में लोग आयोजन देखने के लिए जुटे हैं.

ये भी पढे़ंः मैं इस बार की दिवाली भी सैनिकों संग मनाऊंगा... देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बोले पीएम मोदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं