- असम विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी की एकतरफा जीत ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की लोकप्रियता को और बढ़ाया
- सीएम सरमा ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने उनके आरोपों का कड़ा जवाब दिया है
- उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को असम की विकास‑केंद्रित छवि बदलने का श्रेय दिया है
Assam Election Results 2026: सोमवार 4 मई का दिन बीजेपी के लिए ऐतिहासिक बन गया. एक ओर पार्टी का पश्चिम बंगाल में सत्ता का दरवाजा खुला तो वहीं असम में भी बीजेपी की एकतरफा जीत ने बता दिया कि हिमंता मामा के नाम का ही डंका बज रहा है. कांग्रेस तो इस खेल में टक्कर ही नहीं दे पाई. अब इस जीत से उत्साहित सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के निशाने पर फिर एक बार पवन खेड़ा रहे. असम सीएम ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर कड़ा हमला किया. चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के लगाए आरोपों का असम की जनता ने करारा जवाब दिया है. हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान हिमंता ने पवन खेड़ा को असम की जीत के लिए थैंक्यू भी कहा.
'असम की जनता ने पेड़ा खिला दिया'
नतीजों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “विपक्ष को अब पवन खेड़ा को दोबारा नहीं रखना चाहिए. असम की जनता ने पवन खेड़ा को ‘पेड़ा' खिला दिया है.” सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे कहा कि पवन खेड़ा ने अगर असम की बेटी पर अनर्गल आरोप नहीं लगाए होते तो शायद इस तरह का सेंटीमेंट पैदा नहीं होता और अगर उनके साथ गौरव गोगोई प्रेस कांफ्रेंस में नहीं बैठते तो शायद वो अपना सीट नहीं हारते. यहां असम की बेटी का मतलब सीएम की पत्नी से था.
इस जनादेश को “ऐतिहासिक और भावनात्मक पल” बताते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि 2016 के बाद से असम की छवि बदलने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जाता है.उन्होंने कहा कि अब असम की जनता बीजेपी को ही एकमात्र ऐसी पार्टी मानती है, जो असमी पहचान की रक्षा के साथ‑साथ विकास भी सुनिश्चित कर सकती है. मुख्यमंत्री सरमा ने कहा,“2016 के बाद असम की छवि राज्य के भीतर और बाहर पूरी तरह बदल गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की वजह से आज असम को एक विकास‑केंद्रित राज्य के रूप में देखा जा रहा है.”
पेड़ा ज़रूर बनेगा।
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) May 4, 2026
एक बार मैं कुछ कह देता हूँ, तो मैं पीछे नहीं हटता। pic.twitter.com/8YM2R7NGzf
'हमें मुस्लिम समुदाय का भी वोट मिला...'
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया कि बीजेपी‑नेतृत्व वाला गठबंधन सभी समुदायों से जबरदस्त समर्थन मिलने के कारण 100 सीटों का आंकड़ा पार कर सका.उन्होंने यह भी कहा कि असम के कुछ मुस्लिम वर्गों ने भी इस चुनाव में बीजेपी का समर्थन किया. कांग्रेस नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए सरमा ने आरोप लगाया कि चुनाव अभियान के दौरान बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों पर लोगों ने भरोसा किया, और कांग्रेस नेताओं को अपने ही समुदायों के भीतर से विरोध और अस्वीकृति का सामना करना पड़ा. मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चुनाव के बाद भी बीजेपी सरकार कुछ मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी, और यह जनादेश उसी दिशा में आगे बढ़ने का संकेत है.
बंगाल की जीत पर क्या बोले असम सीएम?
राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत को “राष्ट्रीय जीत” बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल से लेकर उत्तर‑पूर्व तक बीजेपी का बढ़ता प्रभाव क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास को मजबूत करेगा. उन्होंने खास तौर पर “चिकन नेक” कॉरिडोर का जिक्र किया, जो उत्तर‑पूर्व को भारत के मुख्य भू‑भाग से जोड़ता है और कहा कि इस संवेदनशील इलाके की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री ने असम भर में बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इतना बड़ा जनादेश मिलने से आने वाले वर्षों में शासन और विकास का काम कहीं आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- असम में हार के बाद कांग्रेस नेता ने दिया इस्तीफा, हार की ली जिम्मेदारी, कहा- उम्मीद पर खड़ा नहीं उतरा
यह भी पढ़ें- असम में JMM को नहीं मिली एक भी सीट, फिर भी सीएम हेमंत सोरेन क्यों हैं उत्साहित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं