- कोलकाता के बिजयगढ़-बिक्रमगढ़ इलाके में दो पालतू कुत्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है.
- आरोपी संजीब को महिला से रिश्ते में दरार के बाद कुत्तों की बेरहमी से हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
- महिला ने अलग रहने का फैसला किया और अपने दोनों कुत्तों को आरोपी की देखरेख में फ्लैट में छोड़ दिया था.
दक्षिण कोलकाता के बिजयगढ़-बिक्रमगढ़ इलाके में दो पालतू कुत्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. आरोप है कि लिव-इन पार्टनर से रिश्ते में आई दरार और उसके अलग रहने के फैसले से नाराज होकर एक व्यक्ति ने दोनों कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी संजीब भट्टाचार्य को शनिवार को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, संजीब भट्टाचार्य और डीजे परिनोवा नाम की महिला बिक्रमगढ़ स्थित एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच संबंधों में तनाव चल रहा था. इसके बाद महिला ने अलग रहने का फैसला किया और फ्लैट छोड़कर चली गई. हालांकि, वह अपने दोनों पालतू कुत्तों को आरोपी की देखरेख में छोड़ गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, बाद में संजीब ने महिला को वीडियो कॉल किया. इस दौरान महिला ने अपने एक पालतू कुत्ते को रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा. यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तत्काल एक स्थानीय युवक को फ्लैट पर पहुंचने के लिए कहा. मौके पर पहुंचे युवक ने दोनों कुत्तों को मृत अवस्था में पाया. फ्लैट में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री और पशु अधिकार कार्यकर्ता देबलीना दत्ता भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पशु कल्याण संगठनों के सदस्यों के साथ मिलकर दोनों कुत्तों के शवों का पोस्टमार्टम कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने इस मामले में मंत्री अग्निमित्रा पॉल से भी संपर्क कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर जादवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और संजीब को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस को आशंका है कि दोनों कुत्तों को ईंट से बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतारा गया है. मृत कुत्तों में एक स्थानीय नस्ल का और दूसरा बीगल नस्ल का बताया जा रहा है. फिलहाल दोनों कुत्तों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उनकी मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढे़ं : यूपी चुनाव के लिए बीजेपी ने नहीं भेजी 209 उम्मीदवारों की कोई लिस्ट, पार्टी ने खुद बताया सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं