दिल्ली के जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ एक महीने तक आंदोलन का नेतृत्व करने वाले अभिजीत दीपके ने अब E20 के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. दीपके ने अरविंद केजरीवाल की ओर से E20 के खिलाफ शुरू किए गए विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है. दीपके ने मंगलवार को कहा कि जब 100 फीसदी पेट्रोल नहीं दे रहे, तो दाम पूरे क्यों लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिक्सिंग के मुद्दे पर AAP के आंदोलन को हमारा समर्थन है. यही नहीं दीपके ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की ओर से जेन जी के साथ चर्चा के ऐलान पर भी बात की. दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि देर से ही सही शुरुआत अच्छी है. लेकिन युवा चेहरों के बिना संवाद बेमतलब है.
दीपके ने इस दौरान आरक्षण हटाओ आंदोलन के बारे में भी बात की. दीपके ने कहा कि जो गरीब है, उसे ज्यादा से ज्यादा शिक्षा मिलनी चाहिए. देश में इसके लिए प्रयास होने चाहिए. मैं इस आंदोलन पर ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगा क्योंकि कल ही जानकारी मिली है कि उनका पेज डिलीट हो गया है. आरक्षण से शिक्षा ही तो मिल रही है ना, कोई गाड़ी-बंगला तो नहीं दे रहा. आरक्षण का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा शिक्षा उपलब्ध कराना है तो इसमें किसी को क्या समस्या होनी चाहिए? देश के भी यही प्रयास होने चाहिए कि जिन तक शिक्षा नहीं पहुंच रही है, उन्हें शिक्षा कैसे मुहैया कराई जाए.
आरएसएस नेता अतुल लिमये के उस बयान पर भी दीपके ने टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कहा था कि यह संविधान विरोधी आंदोलन था. दीपके ने कहा कि जिन लोगों ने गांधी की हत्या की, जिन लोगों ने जीवन भर बाबासाहेब आंबेडकर का विरोध किया. उन्हें हमें संविधान पर लेक्चर नहीं देना चाहिए. कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से बुलाई गई बैठक के बारे में भी दीपके ने जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर जो आंदोलन हुआ, उससे हमें क्या सीखने को मिला और आगे क्या बेहतर किया जा सकता है, इसके लिए बैठक रखी गई है. इस आंदोलन को देशभर में कैसे बढ़ाया जाए, इस पर चर्चा होगी. कुल मिलाकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का रोडमैप क्या होगा, इस पर दो दिनों तक मंथन होगा.
वहीं दिल्ली में एक शिकायत अपने खिलाफ दर्ज होने पर दीपके ने कहा कि वह शिकायतकर्ता कौन है, मुझे नहीं पता. उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ बहुत सी शिकायतें होंगी, मैं हर शिकायत के बारे में क्या बोलूं? मुझे लगता है कि यह सब केवल पब्लिसिटी के लिए किया जा रहा है, और कुछ नहीं. दीपके ने कहा कि E20 को लेकर कई लोगों ने बात की है और यह देश में एक बड़ा मुद्दा बन गया है. बड़े उद्योगों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे को उठाया है. E20 को लेकर जो भी आंदोलन होंगे, उन्हें हमारा पूरा समर्थन है. दीपके ने कहा कि इथेनॉल मिक्सिंग से गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं और माइलेज पर असर पड़ रहा है. जब आप 100% पेट्रोल नहीं दे रहे हैं और उसमें इथेनॉल मिला रहे हैं, तो फिर 100% पेट्रोल के दाम क्यों वसूल रहे हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं