- नागपुर की 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर ने टीम चयन न होने के कारण कथित तौर पर आत्महत्या की
- वो दो साल से सुर्वे क्रिकेट अकादमी में कड़ी मेहनत कर रही थीं और क्रिकेट में नाम बनाने की तैयारी में थीं
- बजाज नगर पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें लड़की ने चयन न होने की बात लिखी है
विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन VCA की टीम में न चुने जाने के कारण युवा महिला क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दी. घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में अदिति ने लिखा-'मेरा चयन नहीं हुआ.'
अकोला की रहने वाली अदिति पिछले 2 साल से नागपुर की सुर्वे क्रिकेट अकादमी में कड़ी प्रैक्टिस कर रहीं थीं, उनका भाई भी क्रिकेटर है. बजाज नगर पुलिस ने आकस्मिक मौत ADR का मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
'टीम में चयन न होने पर सदमे में थी'
नागपुर में क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम रोशन करने का सपना देखने वाली 17 साल की उभरती हुई क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन यानी VCA की टीम में चयन न होने की वजह से वह गहरे मानसिक तनाव में थी.
सुसाइड नोट भी लिखा
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अदिति ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा, 'मेरा चयन नहीं हुआ.' इस दुखद घटना से खेल जगत और पूरे शहर में शोक की लहर है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
मूल रूप से अकोला की रहने वाली 17 वर्षीय अदिति पिछले दो सालों से अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मीनगर स्थित उमालक्ष्मी अपार्टमेंट में रह रही थी. वह सुर्वे क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट की बारीकियां सीख रही थी और बड़े स्तर पर खेलने की तैयारी कर रही थी. उसका भाई भी एक क्रिकेट खिलाड़ी है.
बताया जा रहा है कि हाल ही में VCA की चयन प्रक्रिया में उसका नाम नहीं आया था, जिसके बाद से वह काफी निराश और मानसिक तनाव में चल रही थी. घटना की जानकारी मिलते ही बजाज नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु ADR का मामला दर्ज किया है और जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: PM पर अभद्र टिप्पणी के मामले में एक्शन, जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल युवती के खिलाफ FIR
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं