विज्ञापन
This Article is From Jan 24, 2021

AIIMS के CCU में रखे गए हैं लालू यादव: झेल रहे निमोनिया, डायबिटीज समेत 18 परेशानियां

लालू यादव के फेफड़े में पानी जमा हो गया है. उन्हें न्यूमोनिया भी है. इसके अलावा वो किडनी की परेशानी भी झेल रहे हैं. डायबिटीज की वजह से उनकी किडनी का 25 फीसदी हिस्सा ही काम कर रहा है. अभी उन्हें CNC के CCU में रखा गया है.

AIIMS के CCU में रखे गए हैं लालू यादव: झेल रहे निमोनिया, डायबिटीज समेत 18 परेशानियां
  • गंभीर हालत में लालू यादव को एयर एम्बुलेंस से लाया गया AIIMS
  • कार्डियोथोरेसिक सेंटर की कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती किया गया
  • तबीयत पर नजर रखने के लिए AIIMS ने डॉक्टरों की एक टीम बनाई है
नई दिल्ली:

चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राजद (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की हालत गंभीर होने के बाद शनिवार की रात रांची के रिम्स से उन्हें नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एयर एम्बुलेंस से लाकर शिफ्ट किया गया. एम्स सूत्रों ने बताया कि उन्हें कार्डियोथोरेसिक सेंटर की कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती किया गया है. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के इलाज और उनकी तबीयत पर नजर रखने के लिए AIIMS ने डॉक्टरों की एक टीम बनाई है. एम्स के हृदय रोग संबंधी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर राकेश यादव उनकी निगरानी कर रहे हैं. 

एम्स में इस वक़्त (रविवार सुबह 11 बजे के करीब) लालू यादव के साथ उनकी बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती हैं. लालू के करीबी भोला यादव भी एम्स में मौजूद हैं. शनिवार की रात 12 बजे राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, मीसा भारती एम्स से चले गए थे लेकिन मीसा सुबह फिर AIIMS चली आईं. अस्पताल सूत्रों ने बताया कि लालू यादव ने कल रात का खाना और सुबह का नाश्ता भी किया है.

सरकार कानून से चलती है, व्यक्ति विशेष से नहीं: लालू के मामले में झारखंड उच्च न्यायालय ने कहा

CCU में रखे गए हैं लालू:
लालू यादव के फेफड़े में पानी जमा हो गया है. उन्हें न्यूमोनिया भी है. इसके अलावा वो किडनी की परेशानी भी झेल रहे हैं. डायबिटीज की वजह से उनकी किडनी का 25 फीसदी हिस्सा ही काम कर रहा है. अभी उन्हें CNC के CCU में रखा गया है. 72 साल के लालू प्रसाद का झारखंड की राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में विभिन्न रोगों का इलाज चल रहा था. रिम्स के निदेशक डॉक्टर कामेश्वर प्रसाद ने इससे पहले कहा था, "लालू प्रसाद को बीते दो दिन से सांस लेने में तकलीफ हो रही है. शुक्रवार को उन्हें निमोनिया से पीड़ित पाया गया. उनकी आयु को ध्यान में रखते हुए हमने डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिये उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भेजने का फैसला किया है."

हेमंत सोरेन से मिले थे तेजस्वी:
लालू की पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी वरिष्ठ नेता की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर शुक्रवार को विशेष विमान से रांची पहुंचे थे. परिवार ने रात में लालू से मुलाकात की थी. तेजस्वी ने पिता से मिलने के बाद पत्रकारों से कहा था कि उनकी तबीयत चिंताजनक है. तेजस्वी ने शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात कर अपने पिता को दिल्ली ले जाने के लिये राज्य सरकार का सहयोग मांगा था.

ज़मानत के लिए लालू यादव को करना होगा और इंतज़ार, अर्ज़ी पर सुनवाई 6 हफ्ते के लिए टली

लालू को क्या-क्या परेशानियां:
ढाई साल पहले भी तबीयत बिगड़ने पर लालू यादव को एम्स में भर्ती कराया गया था. बाद में उन्हें रिम्स भेज दिया गया था. तब डॉक्टरों ने बताया था कि उन्हें करीब 18 तरह की परेशानियां और बीमारियां हैं. इनमें टाइप टू डायबिटीज, हाइपरटेंशन, पेरिएनल एब्सेस, किडनी इंज्यूरी एंड क्रोनिक किडनी डिजीज, पोस्ट वॉल्व रिप्लेसमेंट, प्रोस्थेटिक हाइपर प्लेसिया, सेकेंड्री डिप्रेशन, लो बैक डिफ्यूज डिस्क, लेफ्ट आई इमैच्योर कैटरेक्ट, राइट लोवर पोल रेनल, प्राइमरी ओपन एंगल ग्लूकोमा, हाइट्रोजेनस थैलेसिमिया, विटामिन डी डिफिशिएंसी समेत ग्रेड वन फैटी लीवर की बीमारियां शामिल हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu Prasad Yadav, Lalu Yadav Admitted In AIIMS, RJD Chief Lalu Prasad, Lalu In AIIMS, Multiple Disorders To Lalu Yadav, AIIMS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com