Parliament Winter Session : संसद की दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है. वहीं आज गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे की मांग को लेकर खूब हंगामा हुआ. लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जो भी लखीमपुर खीरी में जिसने भी किसानों का मारा है, उसको इस्तीफा देना चाहिए. वहीं आरजेडी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने लखीमपुर खीरी मामले में राज्य सभा में विपक्ष के हंगामे पर एनडीटीवी से कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में एसआईटी की इंक्वायरी रिपोर्ट में कहा गया है कि यह किसानों पर एक सुनियोजित हमला था. क्या सुनियोजित हमला का नियोजन करने वाले पुत्र का पिता गृह मंत्रालय में गृह राज्यमंत्री के पद पर बैठा रहेगा और आप कहेंगे की निष्पक्ष जांच हो जाएगी?
वहीं राज्यसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि टेनी को इस्तीफा देना चाहिए . पीएम का ड्यूटी होता है उनको मंत्रिमंडल से डिसमिस करना चाहिए. एनसी नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि उनको इस्तीफा देना चाहिए . पीएम को उनका इस्तीफा लेना चाहिए, तभी सदन शांत होगा. लोगों को भी लगेगा कि पीएम लोकतंत्र को आगे ले जाना चाहते हैं.
बता दें कि वहीं विपक्ष निलंबित सांसदों के मामले पर सरकार के खिलाफ हमलावर है. कल कांग्रेस ने अपने राज्यसभा सदस्यों को बृहस्पतिवार को सदन में उपस्थित रहने के लिए बुधवार को एक व्हिप जारी किया था.
पार्टी के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने कहा था कि राज्यसभा में आज चर्चा के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जाएगा. उन्होंने कहा है कि राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे पूर्वाह्न 11 बजे से सदन के स्थगित होने तक कृपया सदन में मौजूद रहें. बता दें कि कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दल एकजुट होकर 12 सांसदों का निलंबन रद्द करने की मांग करते रहे हैं, लेकिन सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि वे पहले सदन में माफी मांगें.