विज्ञापन
This Article is From Nov 19, 2016

भारतीय पनडुब्बियों को सीमा से बाहर खदेड़ने का पाकिस्तान का दावा 'सफेद झूठ' : भारत

भारतीय पनडुब्बियों को सीमा से बाहर खदेड़ने का पाकिस्तान का दावा 'सफेद झूठ' : भारत
प्रतीकात्मक तस्वीर
कराची/नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच उस वक्त जुबानी जंग शुरू हो गई, जब इस्लामाबाद ने दावा किया कि उसने भारतीय पनडुब्बियों को उसकी समुद्री सीमा में प्रवेश करने से रोका. नई दिल्ली ने इस आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें 'सफेद झूठ' बताया.

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डी. के. शर्मा ने कहा, 'भारतीय नौसेना पाकिस्तानी नौसेना के बयान को सरासर झूठ करार देते हुए उसे साफ तौर पर नकारती है.' उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी दावे के ठीक उलट भारतीय नौसेना ने पाकिस्तानी जलसीमा में कोई गुप्त गतिविधि नहीं की है.

भारतीय नौसेना की यह कठोर प्रतिक्रिया पाकिस्तान के उस दावे के बाद आई है, जिसमें उसने कहा है कि पाकिस्तानी समुद्री सीमा के पास दिखने के बाद भारतीय पनडुब्बियों को पीछे धकेल दिया गया. पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने एक बयान में कहा, 'भारतीय सेना नियंत्रण रेखा और कामकाजी सीमा पर लगातार संघर्षविराम का गंभीर उल्लंघन कर रही है, वहीं भारतीय नौसेना भी गुप्त मंसूबों के तहत पाकिस्तान के खिलाफ चुपके से पनडुब्बी तैनात कर रही है.'

बयान में कहा गया है, 'हालांकि, पाकिस्तानी नौसेना ने भारतीय पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें पाकिस्तानी समुद्री सीमा में प्रवेश करने से रोक कर एक बार फिर अपनी सतर्कता और अभियान क्षमता को साबित किया है. बिना शक पनडुब्बी को 14 नवंबर को पाकिस्तान तट के दक्षिण में देखा और पीछे धकेला गया.' बयान में कहा गया है, 'उसके बाद पनडुब्बी द्वारा पहचाने जाने से बचने के तमाम प्रयासों के बावजूद पाकिस्तानी नौसैनिक बेड़े ने उसे लगातार देखा तथा उसे अपनी सीमा से काफी दूर धकेला.'

इससे पहले पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने बुधवार को दावा किया था कि उनके जवानों ने नियंत्रण रेखा के पार सीमा पार से हुई गोलीबारी में 11 भारतीय सैनिकों को मार गिराया. भारतीय थलसेना ने इस बयान को भी खारिज किया था.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पाकिस्तान समुद्री सीमा, भारतीय पनडुब्बी, भारतीय नौसेना, पाकिस्तान, Pakistani Waters, Indian Submarines, Indian Navy, Pakistan, Indian Submarine