विज्ञापन
This Article is From Jan 23, 2021

लालू यादव की हालत गंभीर, शाम को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली के AIIMS लाया जाएगा

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की हालत गंभीर बताई जा रही है. हालत नाजुक होने की वजह से उनको आज (शनिवार) शाम दिल्ली स्थित AIIMS में भर्ती कराया जाएगा.

लालू यादव की हालत गंभीर, शाम को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली के AIIMS लाया जाएगा
लालू यादव की हालत गंभीर बनी हुई है. (फाइल फोटो)
  • लालू प्रसाद यादव की हालत गंभीर
  • रांची के RIMS में भर्ती हैं लालू यादव
  • लालू को लाया जा सकता है दिल्ली AIIMS
रांची:

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की हालत गंभीर बताई जा रही है. चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू यादव इस समय रांची के RIMS में भर्ती हैं. हालत नाजुक होने की वजह से उनको दिल्ली स्थित AIIMS में भर्ती करने की तैयारी की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, 8 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है. इसमें अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ डॉक्टर शामिल हैं. मेडिकल बोर्ड ने रिपोर्ट्स देखने के बाद लालू को दिल्ली AIIMS भेजने की सलाह दी है. आज शाम 5 बजे उन्हें चार्टर्ड प्लेन (एयर एंबुलेंस) से दिल्ली लाया जाएगा.

लालू यादव के मुख्य चिकित्सक डॉक्टर उमेश प्रसाद ने कहा कि लालू यादव को आज शाम ही एयर एंबुलेंस से AIIMS भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि लालू प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए AIIMS शिफ्ट किया जाना बेहतर होगा. आज तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी.

बिहार में शिक्षा मंत्री की नियुक्ति पर लालू का हमला, कहा- 'पहले मेवालाल को ढूंढ रहे थे, अब मेवा मिल गया तो...'

RIMS द्वारा गठित बोर्ड में कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर हेमंत नारायण, नेफ्रोलॉजी विभाग की एचओडी डॉक्टर प्रज्ञा पंत घोष, ऑर्थोपेडिक के डॉक्टर एलबी माझी, रेडियोलॉजी विभाग के डॉक्टर सुरेश टोप्पो, नेत्र रोग विभाग के डॉक्टर बीवी सिन्हा, सर्जरी विभाग के डॉक्टर आरजी बखला, मेडिसिन विभाग के डॉक्टर जेके मित्रा और यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर अरशद जमाल हैं. अस्पताल सूत्रों ने बताया कि लालू प्रसाद को रात भर नींद नहीं आई.

लालू यादव की हालत गंभीर- पत्नी, बेटी और दोनों बेटे पहुंचे रांची, तेजस्वी बोले- 'अब CM से करूंगा बात'

बीते दिन लालू यादव की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव रांची पहुंच गए. दिल्ली लाए जाने के दौरान परिवार उनके साथ रहेगा. RIMS के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि लालू यादव के फेफड़ों में संक्रमण है. उनका इलाज किया जा रहा है. RIMS के डॉक्टरों ने AIIMS में फेफड़ों के एचओडी के साथ उनकी हालत पर बातचीत की है.

सरकार कानून से चलती है, व्यक्ति विशेष से नहीं : लालू के मामले में झारखंड उच्च न्यायालय ने कहा

तेजस्वी यादव ने पिता की सेहत को लेकर कहा, 'उनकी पहले ही दिल की सर्जरी हो चुकी है और उनकी किडनी का केवल 25 प्रतिशत हिस्सा ही काम करता है. उन्हें निमोनिया होने का भी पता चला है. उन्हें सांस लेते समय कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. हम उनके लिए बेहतर इलाज चाहते हैं.'

ज़मानत के लिए लालू यादव को करना होगा और इंतज़ार, अर्ज़ी पर सुनवाई 6 हफ्ते के लिए टली

बताते चलें कि लालू यादव दिसंबर 2017 से सजा काट रहे हैं. उन्होंने अपनी ज्यादातर सजा RIMS में ही काटी है. दरअसल सजा मिलने के बाद उनकी तबियत बिगड़ गई थी और उन्हें रांची स्थित RIMS में भर्ती कराया गया. उनकी गैरमौजूदगी में बेटे तेजस्वी यादव ने पार्टी को संभाला और पिछले साल हुए चुनाव में RJD ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया. तेजस्वी बिहार के नेता प्रतिपक्ष हैं. वह राज्य के उप-मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं.

VIDEO: लालू प्रसाद यादव की जमानत पर सुनवाई टली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu Prasad Yadav, AIIMS, Delhi Aiims, Lalu Prasad Yadav Health, Lalu Prasad Yadav News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com