विज्ञापन
This Article is From Jul 28, 2016

बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात | असम, उत्तराखंड, यूपी, बिहार सबसे ज्यादा प्रभावित

बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात | असम, उत्तराखंड, यूपी, बिहार सबसे ज्यादा प्रभावित
नई दिल्ली: भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने देश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। कई जगह लोगों के घर पानी में डूब गए हैं। असम, उत्तराखंड, यूपी, बिहार सबसे अधिक प्रभावित हैं।

हरियाणा के यमुनानगर में लोगों को चॉपर की मदद से बचाया
हरियाणा के यमुनानगर के नजदीक यमुना नदी के जलस्तर में आई बढ़ोतरी के चलते पानी में फंसे 8 लोगों को वायुसेना के चॉपर की मदद से बचाया गया है। यमुनानगर के डीसी के मैसेज पर हरकत में आई वायूसेना ने Mi 17 V5 Helicopter की मदद से फंसे इन 8 लोगों को एक-एक कर निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले गए।

उधमपुर में बारिश से बाढ़ जैसे हालात
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जिले के बाली पंचायत में फंसे छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल लिया गया है। जिले के लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले सरकार के किए सारे वायदे खोखले साबित हुए हैं और बाढ़ से निपटने के कोई उपाय नहीं किए गए हैं।
 

असम में 21 जिलों में 17 लाख लोग प्रभावित
असम में हो रही लगातार बारीश से हालात और ख़राब हो गए हैं। इसके चलते अब तक राज्य के 21 जिलों के करीब 17 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं 1 लाख से ज्यादा लोग राहत कैंपों में डेरा डाले हुए हैं। पिछले दो दिनों में बाढ़ की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई सड़कों और बिल्डिंग को भी काफ़ी नुकसान हुआ है।

महाराष्ट्र के अकोला में जलस्तर बढ़ा
पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से महाराष्ट्र के अकोला की नदियों का जलस्तर बढ गया है। दिल्ली हैदराबाद महामार्ग के गांधीग्राम स्थित पुलिया के ऊपर से 2 फीट पानी बढ गया है जिसकी वजह से यातायात भी ठप्प हो गया है। किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं।

यूपी में लगातार बारिश से प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी
वहीं यूपी में लगातार हो रही बारीश के चलते राज्य की सभी प्रमुख नदियों घाघरा और शारदा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में 5 से 12 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

उत्तराखंड में लगातार बारिश से लोगों को परेशानी
उत्तराखंड में भी लगातार हो रही बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में अभी तक 58 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं। राज्य में बहने वाली अधिकतर नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन की वजह से कई रास्ते बंद हो गए हैं। प्रशासन की ओर से नदी के किनारे रहने वाले लोगों को हटाने और अलर्ट रहने का निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तराखंड, बारिश, बाढ़, असम, Assam, Rain, Flood, UP, Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com