विज्ञापन
This Article is From Sep 09, 2011

अन्ना ने RSS को सफेद टोपी पहनवा दी : दिग्विजय

दिग्विजय ने अन्ना को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने संघ के लोगों को काली की जगह सफेद टोपी पहना दी और भगवा की जगह राष्ट्रध्वज थमा दिया।
गुना: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की प्रशंसा करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने गांधीवादी कार्यकर्ता को इस बात के लिए बधाई दी है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के लोगों को काली की जगह सफेद टोपी पहना दी और भगवा की जगह राष्ट्रध्वज थमा दिया। सिंह ने अपने गृहनगर राघौगढ़ में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि हजारे से उनके संबंध बीस वर्ष पुराने हैं। वह गांधीवादी, भले और अच्छे इंसान हैं। सिंह ने हजारे को दो बातों के लिए बधाई दी कि उन्होंने संघ के नेताओं को काली की जगह सफेद टोपी पहना दी और भगवा की जगह उनके हाथों में तिरंगा थमवा दिया। एक प्रश्न के उत्तर में सिंह ने इस बात को गलत बताया कि उन्होंने पूर्व में हजारे को आरएसएस का मुखौटा कहा था। उन्होने कहा कि मैंने कभी भी हजारे को आरएसएस का मुखौटा नहीं कहा था।  पूर्व समाजवादी नेता अमर सिंह के साथ पूरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि वह शीघ्र ही निर्दोष साबित होंगे। दिल्ली में हुए बम विस्फोट की घोर निंदा करते हुए सिंह ने कहा कि इससे संबंधित सभी आरोपियों को पुलिस प्रशासन शीघ्र ही पकड़ लेगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आतंकवादी गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण आवश्यक बताते हुए कहा कि चाहे वह कट्टरपंथी ताकतें कोई भी क्यों न हों, उनको सख्ती से कुचला जाना चाहिए, क्योंकि ये ही कट्टरवाद को बल देती हैं। सिंह ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि मैं हमेशा इस पक्ष में रहा हूं कि विश्व में विकसित देशों में मृत्युदंड समाप्त कर दिया गया है, भारत में भी इस पर विचार किया जाना चाहिए। विकीलीक्स के बारे में उन्होंने कहा कि ऑफ द रिकॉर्ड की चर्चा करना उचित नहीं है।
लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिग्विजय सिंह, अन्ना हजारे, आरएसएस, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com