विज्ञापन
This Article is From Dec 29, 2013

दिल्ली में पारा 4.5 डिग्री तक लुढ़का, उत्तर भारत ठंड की गिरफ्त में

नई दिल्ली:

उत्तरी भारत में राजधानी दिल्ली और लेह सहित कई स्थानों पर रविवार को साल का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इस वजह से पूरे उत्तर भारत में ठंड से लोगों की ठिठुरन बढ़ गई है।

आसमान साफ होने के बावजूद दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का अबतक का सबसे कम तापमान है। कल न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम था। हवा में आद्र्रता 92 और 46 फीसदी के बीच रही।

अनुमान है कि आसमान साफ रहेगा और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 डिग्री सेल्सियस और पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

सबसे उत्तर की ओर चलें तो जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के लेह में मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल रात लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

करगिल में भी आज मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। वहां न्यूनतम तापमान माइनस 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम होकर माइनस 3.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मौसम विभाग का कहना है कि घाटी में अगले चौबीस घंटों तक मौसम ठंडा रहेगा लेकिन 31 दिसंबर को बारिश होने और बर्फ गिरने की संभावना है।

सर्दी ने हिमाचल प्रदेश को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। दिन में आसमान साफ रहने के बावजूद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान हिमांक के स्तर पर पहुंच गया। राज्य के विभिन्न भागों में न्यूनतम तापमान माइनस 12 से 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। लाहौल और स्पीती और किन्नौर जिलों के केयलोंग और कलपा में न्यूनतम तापमान माइनस 9.7 और माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटों में बर्फ गिर सकती है और इस बार नया साल सफेद चादर से ढका हुआ होगा।

पंजाब और हरियाणा में भी लोगों को कडकड़ाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान कल से कम माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल वहां का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पंजाब में सबसे ठंडा स्थान अदमपुर और जालंधर रहा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में चुरू और माउंट आबू सबसे ठंडा रहा। दोनों जिलों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.5 और एक डिग्री सेल्सियस रहा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत में ठंड, दिल्ली में ठंड, देश का मौसम, मौसम विभाग, Cold Waves In India, Temperature In Delhi, Weather Of India