विज्ञापन
This Article is From Mar 30, 2018

CBSE 12वीं के अर्थशास्‍त्र की परीक्षा 25 अप्रैल को होगी, 10वीं के गणित की परीक्षा सिर्फ दिल्‍ली और हरियाणा में

10वीं के गणित विषय की परीक्षा अगर दोबारा हुई तो केवल दिल्‍ली और हरियाणा में ही आयोजित की जाएगी. 10वीं की परीक्षा जुलाई में हो सकती है और इसकी तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा.

CBSE 12वीं के अर्थशास्‍त्र की परीक्षा 25 अप्रैल को होगी, 10वीं के गणित की परीक्षा सिर्फ दिल्‍ली और हरियाणा में
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
नई दिल्‍ली: सीबीएसई की 12वीं के अर्थशास्‍त्र विषय की परीक्षा जिसे पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद रद्द कर दिया गया था, अब 25 अप्रैल को दोबारा होगी. केंद्रीय मानव संधान मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी. शिक्षा सचिव अनिल स्‍वरूप ने मीडिया कर्मियों को इसकी जानकारी दी. उन्‍होंने यह भी कहा कि जहां तक 10वीं के प्रश्‍नपत्र के लीक होने का मामला है, शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने साथ ही बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि 10वीं के गणित का पर्चा लीक दिल्ली और हरियाणा तक सीमित था. अगर 10वीं के गणित विषय की परीक्षा दोबारा कराने की जरूरत हुई तो केवल दिल्‍ली और हरियाणा में ही आयोजित की जाएगी. इस पर अगले 15 दिनों में निर्णय ले लिया जाएगा. 10वीं की परीक्षा जुलाई में हो सकती है और इसकी तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा.

उन्‍होंने साथ ही यह भी कहा कि एनआरआई छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा नहीं ली जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत से बाहर कोई पर्चा लीक नहीं हुआ, इसलिए देश के बाहर दोबारा परीक्षाएं नहीं करायी जाएंगी. भारत से बाहर सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए प्रश्नपत्र अलग होते हैं.

स्‍वरूप ने कहा, 'हमारी तात्‍कालिक चिंता यही है कि इस देश के बच्‍चों को अनावश्‍यक रूप से पीड़ित नहीं होना चाहिए. हमने जो निर्णय लिया है वो उनके हित में है लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि जांच खत्‍म हो जाएगी.'

CBSE पेपर लीक मामला : आखिर कौन है वह व्हिसल ब्लोअर जो लगातार बोर्ड को सतर्क करता रहा?

गौरतलब है कि 29 मार्च को सीबीएसई ने 10वीं की गणित की और 12वीं की इकोनॉमिक्‍स की परीक्षा फिर कराने का ऐलान किया था. सीबीएसई ने कहा था कि नई तारीखों का ऐलान एक हफ्ते के भीतर किया जाएगा.

कैसे तैयार होता है CBSE का Question Paper और कैसे पहुंचता है सेंटर तक, आइए जानें इसका सफ़र

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने परीक्षा फिर से लिए जाने के बारे में सर्कुलर जारी कर कहा था कि इस बारे में तारीखों और अन्य जानकारी को बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा. सर्कुलर में कहा गया था कि, ‘‘जैसा कि खबरों में आया है, कुछ परीक्षाओं के आयोजन में कुछ घटनाओं का बोर्ड ने संज्ञान लिया है. बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए और छात्रों के हित में बोर्ड ने उक्त विषयों की दोबारा परीक्षा लेने का फैसला किया है.’’

VIDEO: CBSE पेपर लीक मामले में पुलिस की छापेमारी, 25 से पूछताछ

वहीं दिल्‍ली पुलिस ने उसी दिन सीबीएसई की शिकायत जिसमें 12वीं क्लास के इकोनॉमिक्स और 10वीं के मैथ्स के पेपर लीक की बात थी, उसपर एफआईआर दर्ज कर ली थी. आईपीसी की धारा 420, 468, 471 तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी. दिल्‍ली पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन भी किया था जो मामले की जांच कर रही है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cbse Paper Leak, CBSE
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com