विज्ञापन

छठ व्रत के बाद क्या खाएं? 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद इन चीजों से करें पारण

छठ व्रत में करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत होते है, जिसका पारण करते समय हमें कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत है. यहां जानते हैं इस बारे में-

छठ व्रत के बाद क्या खाएं? 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद इन चीजों से करें पारण
Chhath Puja Fasting : 36 घंटे का निर्जला व्रत कैसे तोड़ें?

छठ पूजा का 36 घंटे का निर्जला व्रत बहुत ही कठिन माना जाता है. इस दौरान व्रती न तो अन्न ग्रहण करते हैं और न ही पानी पीते हैं. ऐसे में पारण के समय क्या खाया जाए, इसका ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है. अगर व्रत खोलते ही भारी या तला-भुना खाना खा लिया जाए, तो पेट में दर्द, एसिडिटी, गैस और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी का कहना है कि लंबे समय के उपवास के बाद शरीर को धीरे-धीरे सामान्य भोजन की ओर ले जाना चाहिए. इसके लिए आपको कुछ सिंपल से स्टेप्स फॉलो करने होते हैं, जैसे-

पानी और नैचुरल ड्रिंक से करें शुरुआत

36 घंटे तक शरीर में पानी की कमी हो सकती है. इसलिए व्रत खोलने के बाद सबसे पहले पानी, नारियल पानी या नींबू पानी जैसी हल्की चीजों का सेवन किया जा सकता है. इससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है और ऊर्जा भी लौटने लगती है. एकदम से ज्यादा मात्रा में पानी पीने की बजाय धीरे-धीरे और छोटे घूंटों में पीना बेहतर माना जाता है.

फल और हल्का भोजन रहेगा बेहतर

पारण के बाद केले, पपीता, सेब या अन्य मौसमी फलों का सेवन अच्छा ऑप्शन हो सकता है. फल शरीर को जरूरी विटामिन और खनिज देते हैं, साथ ही पाचन तंत्र पर ज्यादा दबाव भी नहीं डालते. इसके बाद खिचड़ी, दलिया, मूंग दाल का सूप या हल्का घरेलू खाना लिया जा सकता है. ऐसे भोजन आसानी से पच जाते हैं और लंबे उपवास के बाद शरीर को धीरे-धीरे ताकत देने में मदद करते हैं.

इन चीजों से कुछ समय तक बनाएं दूरी

डायटीशियन कहती हैं कि व्रत खोलते ही तले हुए स्नैक्स, ज्यादा मसालेदार सब्जियां, फास्ट फूड और बहुत मीठी चीजें नहीं खानी चाहिए. लंबे समय तक खाली रहने के बाद पेट अचानक भारी भोजन को पचाने में कठिनाई महसूस कर सकता है. चाय और कॉफी का सेवन भी तुरंत करने से बचना चाहिए. इनके बजाय पहले शरीर में पानी और जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति करना ज्यादा जरूरी है.

सामान्य डाइट पर धीरे-धीरे लौटें 

छठ व्रत के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भोजन को लेकर जल्दबाजी न करें. हल्के और पौष्टिक आहार से शुरुआत करें और फिर धीरे-धीरे अपनी सामान्य डाइट पर लौटें. इससे शरीर को रिकवरी का समय मिलता है और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है. छठ का व्रत आस्था के साथ-साथ शारीरिक सहनशक्ति की भी परीक्षा होता है. इसलिए पारण के समय सही खानपान अपनाना उतना ही जरूरी है जितना व्रत का पालन करना.

ये भी पढ़ें - छठ माई के पति कौन हैं? जानें छठ का सूर्य देव से क्या है रिश्ता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja, Chhath Puja Story, Chhath Puja Fasting Benefits, Chhath Puja Fasting Rules, Chhath Puja Fasting Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com