किडनी हमारे शरीर का एक बहुत ही जरूरी अंग है, जो ब्लड को डिटॉक्स करने के साथ-साथ शरीर से गंदगी को को बाहर निकालने और शरीर में पानी और मिनरल्स का बैलेंस बनाए रखने का काम करती है. लेकिन जब किडनी ठीक से काम नहीं कर पाती, तो शरीर कई तरह के संकेत देने लगता है. इनमें से कुछ संकेत सबसे पहले पेशाब में दिखाई देते हैं. सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायरेक्टर यूरोलॉजिस्ट डॉ. शलभ अग्रवाल का कहना है कि अगर पेशाब में लगातार कुछ असमान्य बदलाव नजर आ रहे हैं, तो उन्हें नजअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत हो सकते हैं.
1. पेशाब में झाग बनना
अगर टॉयलेट करते समय पेशाब में बार-बार ज्यादा झाग दिखाई दे रहा है और यह कुछ मिनटों तक बना रहता है, तो यह प्रोटीन लीक होने का संकेत हो सकता है. सामान्य रूप से पेशाब में प्रोटीन नहीं होना चाहिए. किडनी की फिल्टरिंग क्षमता कमजोर होने पर प्रोटीन यूरिन के जरिए बाहर निकलने लगता है.
2. पेशाब का रंग बदलना
पेशाब का रंग हल्का पीला होना सामान्य माना जाता है. लेकिन यदि यह गहरा पीला, भूरा, लाल या गुलाबी दिखने लगे, तो यह चिंता का विषय हो सकता है. कई बार पेशाब में खून आने या किडनी की बीमारी के कारण भी रंग में बदलाव दिखाई देता है. ऐसी स्थिति में डॉक्टर से तुरंत सलाह लेनी चाहिए.
3. बार-बार पेशाब आना
यदि आपको अचानक पहले की तुलना में अधिक बार पेशाब आने लगे, खासकर रात के समय बार-बार उठना पड़े, तो यह किडनी की समस्या का शुरुआती संकेत हो सकता है. हालांकि इसके पीछे अन्य स्वास्थ्य कारण भी हो सकते हैं, इसलिए जांच कराना जरूरी है.
4. पेशाब की मात्रा कम होना
दिनभर पर्याप्त पानी पीने के बावजूद अगर पेशाब कम आ रहा है, तो यह भी किडनी के ठीक से काम न करने का संकेत हो सकता है. किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर शरीर से अपशिष्ट पदार्थ सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाते.
5. पेशाब करते समय जलन या दर्द
पेशाब करते समय जलन, दर्द या असहजता महसूस होना अक्सर संक्रमण की ओर इशारा करता है. लेकिन अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो किडनी तक संक्रमण पहुंचने का खतरा भी हो सकता है. ऐसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए.
6. पेशाब में दुर्गंध या धुंधलापन
अगर पेशाब सामान्य से ज्यादा बदबूदार हो गया है या धुंधला दिखाई देता है, तो यह संक्रमण या किडनी से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है. लगातार ऐसा होने पर मेडिकल जांच जरूरी होती है.
ये भी पढ़ें - यूरिन में झाग आना कैसे बंद करें? ये संकेत बताते हैं खराब होने वाली है किडनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं