Chemicals in Baby Clothes: आजकल बाजार में मिलने वाले बच्चों के कपड़े जितने रंग-बिरंगे और अट्रैक्टिव होते हैं, उतना ही बड़ा खतरा अपने अंदर छुपाए हुए हो सकते हैं. माता-पिता अक्सर अपने बच्चों के लिए चमकीले और फैशनेबल कपड़े चुनते हैं, ताकि वे सुंदर और अलग दिखें. लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि यही चमक आपके बच्चे की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है?
हाल ही में सामने आई एक रिसर्च ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है. मैरियन विश्वविद्यालय (Marian University) की केमिस्ट्री लैब में किए गए एक अध्ययन में बच्चों के कपड़ों को लेकर चौंकाने वाले फैक्ट सामने आए. शोधकर्ताओं ने बाजार में बिकने वाली 11 रंगीन शर्टों की जांच की और पाया कि इन सभी में सीसा (लेड) की मात्रा तय सरकारी सीमा 100 PPM से कहीं ज्यादा थी.
दरअसल, कपड़ों को ज्यादा चमकदार और आकर्षक बनाने के लिए कई बार खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल किया जाता है. इनमें सबसे प्रमुख है सीसा (Lead), जो एक जहरीला धातु है. छोटे बच्चे अक्सर अपने कपड़ों को मुंह में डालते हैं या चबाते हैं. ऐसे में इन कपड़ों में मौजूद जहरीले तत्व सीधे उनके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं.
बच्चों के कपड़ों में पाए जाने वाले खतरनाक केमिकल्स
सीसा (Lead): यह बच्चों के दिमाग और किडनी पर सीधा असर डालता है. इससे याददाश्त कमजोर होती है, चिड़चिड़ापन बढ़ता है और मानसिक विकास प्रभावित होता है.
नॉनिलफिनॉल (Nonylphenol): यह शरीर के हार्मोन सिस्टम को बिगाड़ देता है और लंबे समय में कैंसर का कारण बन सकता है.
एजो डाई (Azo Dyes): कपड़ों को चमकीला रंग देने के लिए इस्तेमाल होने वाला यह केमिकल त्वचा एलर्जी और फेफड़ों की समस्याएं पैदा कर सकता है.
पीएफए (PFAs): यह ऐसा केमिकल है जो शरीर में जमा होता रहता है और बाहर नहीं निकलता. यह लीवर को नुकसान पहुंचाता है और इम्यूनिटी कमजोर करता है.

Photo Credit: AI Image
क्यों भारत में कपड़ों की क्वालिटी पर सवाल?
सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि भारत में बिकने वाले कपड़ों में ऐसी खामियां क्यों पाई जा रही हैं, जबकि विदेशों में इस पर कड़ी निगरानी होती है. कई बार सस्ते प्रोडक्शन और कमजोर क्वालिटी जांच के कारण ऐसे केमिकल्स का उपयोग बढ़ जाता है.
डॉक्टरों भी मानते हैं कि यह खतरा ऐसा है जिसे हम तुरंत देख नहीं सकते, लेकिन इसके असर लंबे समय में बहुत गंभीर हो सकते हैं. बच्चों की बढ़ती उम्र में इन केमिकल्स का संपर्क उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर गहरा असर डाल सकता है.
ये भी पढ़ें: गर्मी में बार-बार मुंह सूखता है? ये हो सकता है बॉडी का Warning Singal
क्या करें माता-पिता?
- बच्चों के लिए कपड़े खरीदते समय बहुत ज्यादा चमकीले या तीखे रंगों से बचें.
- ऑर्गेनिक या केमिकल-फ्री कपड़ों को प्राथमिकता दें.
- नए कपड़ों को पहनाने से पहले अच्छी तरह धो लें.
- भरोसेमंद ब्रांड्स और क्वालिटी प्रोडक्ट ही चुनें.
थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी से आप बच्चों को इन छुपे हुए खतरों से बचा सकते हैं. अगली बार जब आप अपने बच्चे के लिए कपड़े खरीदें, तो सिर्फ उनकी खूबसूरती नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा को भी प्रायोरिटी दें.
ये भी पढ़ें: लिवर को अंदर से साफ करने का काम करता है ये हरा पत्ता, जानें फायदे और सेवन का तरीका
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं