विज्ञापन

सिर्फ फर्श नहीं, फ्रिज का हैंडल और रिमोट भी मांगते हैं सफाई, डॉक्टर से जानें क्यों है ये जरूरी

अक्सर हम फर्श और किचन के हिस्से को साफ करके घर को क्लीन समझ लेते हैं. लेकिन असल में इन चीजों के बजाय घर की अन्य चीजों पर ज्यादा बैक्टीरिया पनप सकते हैं. यहां जानते हैं इस बारे में-

सिर्फ फर्श नहीं, फ्रिज का हैंडल और रिमोट भी मांगते हैं सफाई, डॉक्टर से जानें क्यों है ये जरूरी
Home Hygiene Tips: फर्श ही नहीं इन चीजों की भी नियमित सफाई है जरूरी

हम में से कई लोग अपने घर को साफ-सुधरा रखने के लिए हर रोज झाड़ू-पोछा लगाते हैं. वहीं, किचन और बाथरूम की सफाई भी करते हैं, लेकिन कई बार उन चीजों पर हमारा ध्यान नहीं जाता है, जिसका इस्तेमाल हम सबसे ज्यादा करते हैं. इन चीजों में फ्रिज का हैंडल, टीवी और एसी का रिमोट, मोबाइल फोन, लाइट स्विच और दरवाजों के हैंडल जैसे सर्फेश हैं. इनमें बड़ी मात्रा में बैक्टीरिया और वायरस जमा हो सकते हैं. इसी वजह से ये हमारे शरीर को भी प्रभावित कर सकते हैं. इसलिए फर्श की तरह के इन चीजों की सफाई भी नियमित रूप से बहुत ही जरूरी होती है. शारदा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेय श्रीवास्तव का कहना है कि घर में इंफेक्शन के प्रसार को रोकने के लिए सिर्फ फर्श और बाथरूम की सफाई ही पर्याप्त नहीं होती है, बल्कि बार-बार इस्तेमाल होने वाली इन सतहों की सफाई भी उतनी ही जरूरी है. यहां जानते हैं इसे विस्तार से-

क्यों जरूरी है इन चीजों की सफाई?

डॉ. श्रेय श्रीवास्तव का कहना है कि हाथों पर मौजूद बैक्टीरिया और वायरस अक्सर उन सतहों पर पहुंच जाते हैं, जिन्हें घर के कई सदस्य बार-बार इस्तेमाल करते हैं. बाद में जब कोई व्यक्ति इन्हें छूने के बाद बिना हाथ धोए आंख, नाक या मुंह को छूता है, तो इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है.

उनका कहना है कि फ्रिज का हैंडल और टीवी का रिमोट ऐसी चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल पूरे दिन में कई बार किया जाता है, लेकिन सफाई के दौरान अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है. यही वजह है कि इन पर कीटाणु जमा होने की आशंका ज्यादा रहती है.

यहां भी पनपते हैं बैक्टीरिया और इंफेक्शन

डॉ. श्रीवास्तव का कहना है कि सिर्फ रिमोट या फ्रिज का हैंडल ही नहीं, बल्कि मोबाइल फोन, किचन काउंटरटॉप, पानी के नल, दरवाजों के हैंडल और लाइट स्विच भी इंफेक्शन फैलाने वाले कीटाणुओं को जमा कर सकते हैं. जिन घरों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग या पहले से बीमार लोग रहते हैं, वहां ऐसी सतहों की नियमित रूप से सफाई बहुत ही जरूरी हो जाती है. 

किन चीजों की सफाई नियमित रूप से करनी चाहिए?

डॉक्टर का कहना है कि घर की उन सभी सतहों को नियमित रूप से साफ करना चाहिए जिन्हें बार-बार छुआ जाता है. इसमें फ्रिज का हैंडल, टीवी और एसी रिमोट, मोबाइल फोन, लाइट स्विच, दरवाजों के हैंडल और किचन काउंटर शामिल हैं. हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सफाई करते समय सावधानी बरतनी चाहिए और उन पर सीधे लिक्विड स्प्रे नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे उपकरण खराब हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें - हाथों की गंदगी कैसे साफ करें? 40 सेकंड तक करें ये 6 स्टेप्स, सारी गंदगी हो जाएगी साफ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Germs, Germs And Diseases, Hygiene, Hygiene Accessories, Hygiene And Cleanliness
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com