आज के समय में डायबिटीज बहुत तेजी से बढ़ रही बीमारी बन गई है. खराब खानपान, बढ़ता वजन, कम एक्सरसाइज, स्ट्रेस और फैमिली हिस्ट्री इसके मुख्य कारण माने जाते हैं. जब किसी व्यक्ति को डायबिटीज होती है, तो उसके मन में सबसे बड़ा सवाल यही आता है कि क्या ये बीमारी कभी पूरी तरह खत्म हो सकती है? सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. पारस अग्रवाल का कहना है कि डायबिटीज को काबू में रखना और उसका हमेशा के लिए खत्म हो जाना, दोनों अलग बातें हैं. कुछ लोगों में खासकर टाइप-2 डायबिटीज के मामले में ब्लड शुगर को लंबे समय तक सामान्य स्तर पर लाया जा सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह ठीक होना नहीं माना जाता.
क्या डायबिटीज पूरी तरह ठीक हो सकती है?
डॉक्टर कहते हैं ये इस बात पर निर्भर करता है कि मरीज को कौन-सा डायबिटीज है. टाइप-1 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन बनाना बंद कर देता है. ऐसे लोगों को जिंदगी भर इंसुलिन लेना पड़ता है. फिलहाल इसका कोई पक्का इलाज मौजूद नहीं है.
वहीं, टाइप-2 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता. अगर बीमारी शुरुआती दौर में पकड़ में आ जाए, तो वजन कम करके, सही खाना खाकर और रोजाना एक्सरसाइज करके कई लोग अपनी शुगर को सामान्य स्तर तक ला सकते हैं.
किन लोगों को ज्यादा फायदा मिल सकता है?
डॉ. अग्रवाल का कहना है कि जिन लोगों को हाल ही में टाइप-2 डायबिटीज हुई है और जिनका वजन ज्यादा है, उनमें अच्छे रिजल्ट देखने को मिल सकते हैं. अगर वजन 10 से 15 प्रतिशत तक कम हो जाए, तो ब्लड शुगर बेहतर तरीके से काबू में आ सकती है.
लाइफस्टाइल में बदलाव क्यों जरूरी है?
डॉक्टर पारस कहते हैं कि डायबिटीज की दवा जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी सही लाइफस्टाइल भी है. कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा हरी सब्जियां खाएं, दाल, साबुत अनाज और प्रोटीन लें. इसके अलावा जंक फूड कम करें, रोजाना वॉक या एक्सरसाइज करें, 7 से 8 घंटे की नींद लें और स्ट्रेस कम रखने की कोशिश करें.
क्या शुगर सामान्य होने पर दवा बंद कर सकते हैं?
डॉक्टर इसका जवाब देते हुए कहते हैं, नहीं. सिर्फ शुगर रिपोर्ट अच्छी आने पर दवा बंद नहीं करनी चाहिए. दवा कम या बंद करने का फैसला हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही लेना चाहिए.
ये भी पढ़ें - फलों का जूस या साबुत फल, एक्सपर्ट से जानिए डायबिटीज के मरीजों के लिए क्या है बेस्ट?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं