विज्ञापन

बाल बढ़ाने वाला सबसे अच्छा तेल कौन सा है? डॉक्टर ने बताया क्या सच में काम करता है

बाल झड़ने से परेशान हैं? जानें सरसों, तिल, नारियल और बादाम तेल के बारे में यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान की राय, साथ ही बालों की देखभाल से जुड़ी जरूरी बातें.

Medically Reviewed By: Dr Syed Ahmed Khan
बाल बढ़ाने वाला सबसे अच्छा तेल कौन सा है? डॉक्टर ने बताया क्या सच में काम करता है
सरसों, तिल या नारियल तेल? बालों के लिए कौन बेहतर, एक्सपर्ट से समझिए

सुबह उठकर तकिए पर नजर पड़ते ही अगर बालों का गुच्छा दिखने लगे, तो किसी का भी दिल बैठ जाता है. नहाने के बाद बाथरूम के फर्श पर बिखरे बाल और कंघी में फंसा बालों का जाल आजकल हर दूसरे घर की कहानी है. बाजार का तमाशा यह है कि टीवी से लेकर इंस्टाग्राम तक, हर कोई 15 दिन में बाल घुटनों तक लंबे करने की गारंटी बांट रहा है. पर हकीकत यह है कि इन शीशियों में ज्यादातर मिनरल ऑयल और तेज परफ्यूम ही भरे होते हैं, जो बालों की बची-खुची जान भी चूस लेते हैं. अगर आप भी इस चक्कर में फंसे हैं कि सिर पर लगाने के लिए सचमुच सबसे अच्छा तेल कौन सा है, तो किसी फैंसी डब्बे पर पैसे लुटाने के बजाय अपनी पुरानी देशी समझ की तरफ लौटना ही सबसे बेहतर रास्ता है.

एक्सपर्ट से समझिए बालों के झड़ने का असली खेल

सफदरजंग अस्पताल के यूनानी विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. सैयद अहमद खान से जब हमने पूछा कि आखिर बाल तेजी से बढ़ाने के लिए कौन सा तेल सबसे मुफीद है, तो उन्होंने बहुत पते की बात कही.

डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "लोग सीधे महंगे तेल की शीशी खरीदने दौड़ पड़ते हैं, पर यह नहीं देखते कि बालों की जमीन यानी स्कैल्प का क्या हाल है. जब सिर की चमड़ी बहुत ज्यादा सूखी हो जाती है या वहां मैल और डैंड्रफ की मोटी पपड़ी जम जाती है, तो बालों की जड़ों का दम घुटने लगता है. ऐसे में बाजार के चिकने तेल ऊपर से सिर्फ चमक दिखाते हैं, जड़ों के अंदर एक बूंद नहीं उतरते. बाल तभी लंबे होंगे जब सिर की नसों में खून की रफ्तार तेज होगी और रोमछिद्रों को सही खुराक मिलेगी."

Also Read: बालों के लिए सबसे अच्छा तेल कौन सा है, एक्सपर्ट ने बताया कैसे करें इस्तेमाल | Best Oil For Hair

ये तेल हैं बालों के लिए असली वरदान

डॉ. खान के मुताबिक किसी एक जादुई तेल के पीछे भागने के बजाय अगर कुछ कुदरती तेलों का सही इस्तेमाल किया जाए, तो पतले हो चुके बाल भी मोटे होने लगते हैं.

काले तिल और सरसों का तेल: हमारे घरों में पीढ़ियों से कच्ची घानी का सरसों का तेल और काले तिल का तेल इस्तेमाल होता आया है. डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "काले तिल का तेल यानी रोगन-ए-कुंजद तासीर में गर्म होता है और नसों के अंदर तक उतरता है. यह कमजोर जड़ों को मजबूत पकड़ देता है. वहीं शुद्ध सरसों का तेल फंगस और डैंड्रफ को कम करने में मददगार है."

मीठा बादाम और पका हुआ आंवला: अगर बाल बीच से तिनके की तरह टूट रहे हैं, तो रोगन बादाम शीरीं यानी शुद्ध बादाम का तेल और सूखे आंवले का रस बालों को नई जान देता है. आंवला बालों को कच्ची उम्र में सफेद होने से रोकता है और बालों को घना बनाता है.

नारियल तेल और भीमसेनी कपूर: अगर सिर में हर वक्त खुजली मची रहती है या पपड़ीदार रूसी है, तो शुद्ध नारियल तेल में चुटकी भर असली कपूर मिलाकर लगाने से सिर को ठंडक मिलती है और खुजली तुरंत शांत हो जाती है.

129 दिन तक हर हफ्ते इस तेल को लगाने से कैसे 4 इंच लंबे हुए मेरे बाल, कानपुर की रुपेंजल ने शेयर किया सीक्रेट

घर पर खुद कैसे बनाएं सबसे असरदार तेल?

डॉ. खान बताते हैं कि बाजार की महंगी बोतलों से लाख गुना बेहतर है कि आप अपने हाथ से घर पर तेल पकाएं.

  • लोहे की कड़ाही में 200 ग्राम काले तिल या सरसों का तेल लें.
  • इसमें दो चम्मच मेथी दाना, एक चम्मच कलौंजी और मुट्ठी भर सूखे आंवले के टुकड़े डाल दें.
  • धीमी आंच पर इसे तब तक पकने दें जब तक मेथी और आंवला काले न पड़ जाएं.
  • तेल ठंडा होने के बाद इसे छानकर कांच की शीशी में भर लें.

डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "लोहे के बर्तन में पकने से इस तेल में कुदरती आयरन उतर आता है. हफ्ते में सिर्फ दो रात सोने से पहले उंगलियों के पोरों से सिर की चमड़ी पर हल्के हाथ से मालिश करें. यह तेल खोपड़ी के सूखेपन को खत्म करने मं मददगार है. इससे बालों को बढ़ना तेज हो सकता है."

Also Read: बालों को तेजी से बढ़ाने वाला सबसे सस्ता तेल कौन सा है? आयुर्वेद एक्सपर्ट से जानें...

तेल लगाते वक्त ये गलतियां कतई न करें

  • पसीने और धूल भरे सिर पर तेल कभी न लगाएं, इससे रोमछिद्र चोक हो जाते हैं और बाल दुगनी तेजी से गिरते हैं.
  • कई लोग हफ्ते भर सिर पर तेल चिपकाए घूमते हैं, यह बिल्कुल गलत आदत है. रात को तेल लगाएं और अगली सुबह सादे पानी या हल्के शैम्पू से धो लें.
  • तेल को हथेलियों से बालों पर रगड़ना बंद करें. मालिश हमेशा उंगलियों से सिर्फ सिर की खाल पर गोल-गोल घुमाकर करनी चाहिए.
  • तेल के साथ-साथ अगर आप पेट साफ रखेंगे, पानी खूब पिएंगे और खाने में हरी सब्जियां रखेंगे, तो बाल मजबूत और घने होने सकते हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health, Home Remdies, Unani, Unani Medicine, Unani Home Remedies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com