सर्दियों की शुरुआत होते ही देश के कई शहरों में AQI तेजी से खराब होने लगता है. प्रदूषित हवा की वजह से न सिर्फ सांस लेने में दिक्कत होती है, बल्कि ये बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए भी खतरा बन सकती है. गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का प्रदूषण, निर्माण कार्यों की धूल और कचरा जलाना खराब AQI की बड़ी वजह हैं. हालांकि, ये समस्या बड़ी जरूर है, लेकिन इसे कम करने में आम लोगों की भी अहम भूमिका है. रोजमर्रा की कुछ अच्छी आदतें अपनाकर और प्रदूषण फैलाने वाली एक्टिविटीज से बचकर हवा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है.
दिल्ली के कंसल्टेंट इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ तोमर का कहना है कि AQI बढ़ने पर सांस से जुड़ी समस्याएं, एलर्जी, खांसी और फेफड़ों के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में प्रदूषण कम करने के लिए हमें छोटी-छोटी कोशिशें करनी चाहिए. यहां जानते हैं AQI कैसे कम करें?
AQI क्यों बढ़ता है?
डॉक्टर कहते हैं कि AQI बढ़ने की सबसे बड़ी वजह वाहनों का धुआं, फैक्ट्रियों से निकलने वाला प्रदूषण, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और कचरा या पराली जलाना है. सर्दियों के मौसम में धुंध और कम हवा चलने के कारण भी प्रदूषक तत्व लंबे समय तक वातावरण में बने रहते हैं.
प्राइवेट गाड़ियों का कम से कम करें इस्तेमाल
AQI को कम करने के लिए सबसे पहले निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें. छोटी दूरी के लिए पैदल चलना, साइकिल का इस्तेमाल करना या पब्लिक ट्रांसपोर्ट चुनना आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है.अगर हो तो कार पूलिंग भी अपनाई जा सकती है. इससे सड़क पर वाहनों की संख्या घटेगी और प्रदूषण कम होगा.
पेड़ लगाएं और हरियाली बढ़ाना जरूरी
पेड़ हवा में मौजूद कई हानिकारक कणों को रोकने में मदद करते हैं. घर, स्कूल, ऑफिस और कॉलोनियों के आसपास ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना फायदेमंद हो सकता है. नीम, पीपल, बरगद और अशोक जैसे पेड़ हवा को साफ रखने में मददगार माने जाते हैं.
कचरा और पत्तियां न जलाएं
कचरा, प्लास्टिक या सूखी पत्तियां जलाने से बड़ी मात्रा में जहरीला धुआं निकलता है. ये AQI को तेजी से खराब करता है. इसके बजाय गीले और सूखे कचरे को अलग करें और स्थानीय निकाय के जरिए सही तरीके से निपटान करें.
घर में भी रखें हवा का ध्यान
घर के अंदर की हवा साफ रखने के लिए वेंटिलेशन अच्छा रखें. जरूरत पड़ने पर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही घर के अंदर धूम्रपान करने से बचें और नियमित सफाई करें ताकि धूल जमा न हो.
सभी की जिम्मेदारी से सुधरेगा AQI
AQI को बेहतर बनाने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की भूमिका अहम है. अगर लोग अपने स्तर पर प्रदूषण कम करने की कोशिश करें, तो हवा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखा जा सकता है. छोटे-छोटे बदलाव मिलकर शहरों को साफ और स्वस्थ बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें- सर्दियों की जहरीली हवा से कैसे बचाएं अपने फेफड़े और दिल? आचार्य मनीष ने बताए आसान उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं