विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2018

FIFA WORLD CUP 2018: नहीं चला नेमार का जादू, स्विट्जरलैंड से ड्रॉ खेलने को मजबूर ब्राजील

FIFA WORLD CUP 2018: नहीं चला नेमार का जादू, स्विट्जरलैंड से ड्रॉ खेलने को मजबूर ब्राजील
ब्राजील और स्विट्जरलैंड का मैच 1-1 से बराबर रहा (AFP फोटो)
  • ब्राजील के लिए मिडफील्‍डर कोटिन्‍हो ने दागा गोल
  • स्विस टीम ने जुबेर के गोल से बराबरी हासिल की
  • नेमार को विपक्षी टीम ने खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रोस्तोव-ऑन-डॉन (रूस):

फीफा वर्ल्‍डकप: पांच बार की चैम्पियन ब्राजील को फीफा वर्ल्‍डकप 2018 के ग्रुप-ई के अपना पहला मुकाबला ड्रॉ खेलने को मजबूर होना पड़ा. रविवार देर रात खेले गए मैच में स्विट्जरलैंड ने ब्राजील को 1-1 के ड्रॉ पर रोक दिया. रोस्तोव एरीना में खेले गए मुकाबले में ब्रजाली के लिए फिलिप कोटिन्हो ने गोल किया जबकि स्विट्जरलैंड के लिए स्टीवन जुबेर ने बराबरी का गोल दागा. मैच में गोल करने का पहला मौका ब्राजील को 12वें मिनट में मिला. स्टार फारवर्ड नेमार ने बॉक्स के बाहर से पॉलिन्हो को पास दिया लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच पाए और स्विट्जरलैंड के गोलकीपर यान सोमेर ने ब्राजील को शुरुअती बढ़त नहीं लेने दी.

यह भी पढ़ें: मैक्सिको ने किया बड़ा धमाका, गत चैंपियन जर्मनी को 1-0 से हराया

इसके आठ मिनट बाद, स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना से खेलने वाले मिडफील्डर कोटिन्हो ने बाक्स के बाहर बाएं छोर से शानदार गोल दागकर ब्राजील को 1-0 से आगे कर दिया. कोटिन्हो के शानदार गोल से ब्राजील के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और टीम अपने खेल में अधिक आक्रामकता लेकर आई. मैच के 31वें मिनट में नेमार को गलत तरीके से गिराने के कारण स्विट्जरलैंड के कप्तान स्टीफन लिकस्टाइनर को पीला कार्ड दिया गया. पूरे मैच के दौरान विपक्षी टीम के खिलाड़ियों ने नेमार पर मजबूत टैकल किए और उन्हें परेशानी में डाले रखा. दूसरे हाफ की शुरुआत ब्राजील के लिए अच्छी नहीं रही. 50वें मिनट में स्विट्जरलैंड को कॉर्नर मिला और जेरदान शाकिरी की किक पर बेहतरीन हेडर लगाते हुए जुबेर ने अपनी टीम को बराबरी दिला दी.

वीडियो: रोनाल्‍डो की हैट्रिक, पुर्तगाल और स्‍पेन का मैच 3-3 से बराबर रहा

जुबेर के गोल के बाद स्विट्जरलैंड ने ब्राजील पर दबाव बनाया और कोच टिटे को 60वें मिनट में मिडफील्डर कैसिमीरो की जगह इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी से खेलने वाले फर्नाडिन्हो को मैदान पर लाना पड़ा. इस बदलाव के बाद ब्राजील के खिलाड़ी विपक्षी टीम के बॉक्स के पास जगह बनाने में कामयाब रहे. मैच के 69वें मिनट में कोटिन्हो को बॉक्स अंदर मैच का अपना दूसरा गोल करने का बेहतरीन मौका मिला लेकिन वह गेंद को गोल में नहीं डाल पाए. कोटिन्हो के प्रयास के बाद स्विट्जरलैंड ने अपने अटैक को बेहतर किया. हालांकि, वे बॉक्स के अंदर ब्राजील के डिफेंस को नहीं भेद पाए. नेमार ने 88वें मिनट में हेडर से गोल करके ब्राजील को बढ़त दिलाने की कोशिश की लेकिन वह गेंद को सीधा गोलकीपर सोमेर के हाथों में मार बैठे. दो मिनट बाद स्ट्राइकर राबटरे फिर्मिनो ने हेडर से गोल करने का प्रयास किया लेकिन वह भी सोमेर को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए. ब्राजील ग्रुप-ई के अपने अगले मुकाबले में शुक्रवार को कोस्टारिका से भिड़ेगा जबकि स्विट्जरलैंड का सामना सर्बिया से होगा. (इनपुट: एजेंसी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com