Why Dal Makhani Is Called Dal Makhani: अगर आपने कभी रेस्टोरेंट में दाल मखनी खाई है तो उसका स्वाद आपको जरूर याद होगा. यह दाल जितनी स्वादिष्ट होती है, उसका नाम भी उतना ही खास लगता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर इसे “दाल मखनी” क्यों कहा जाता है. क्या इसमें कोई खास चीज होती है या यह सिर्फ नाम का कमाल है. दरअसल, इस नाम के पीछे एक दिलचस्प इतिहास और खास कुकिंग स्टाइल छिपा हुआ है, जिसे जानकर आपको यह डिश और भी पसंद आने लगेगी.
नाम में छिपा है स्वाद का राज
“मखनी” शब्द “मक्खन” से निकला है. दाल मखनी में भरपूर मात्रा में मक्खन (Butter) और क्रीम (Cream) का इस्तेमाल किया जाता है. यही वजह है कि इसका स्वाद बेहद रिच और क्रीमी होता है. जब दाल को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाया जाता है और उसमें मक्खन मिलाया जाता है, तो यह एक स्मूद और गाढ़ी ग्रेवी बनाती है. इसी खासियत के कारण इसे दाल मखनी कहा गया.

पंजाबी किचन से आई खास डिश
दाल मखनी की शुरुआत पंजाब से मानी जाती है. पुराने समय में लोग साबुत उड़द दाल और राजमा को रातभर भिगोकर धीमी आंच पर घंटों पकाते थे. उस समय गैस नहीं होती थी, इसलिए इसे तंदूर या लकड़ी की आंच पर बनाया जाता था. इससे दाल में एक स्मोकी फ्लेवर आ जाता था, जो आज भी इसका खास हिस्सा माना जाता है. माना जाता है कि दाल मखनी का अविष्कार मोती महल रेस्टोरेंट के संस्थापक कुंदन लाल गुजराल को जाता है.
धीमी आंच पर पकाने की परंपरा
दाल मखनी की सबसे बड़ी खासियत इसका पकाने का तरीका है. इसे जल्दी नहीं बनाया जाता. जितना ज्यादा समय दाल को पकाया जाता है, उतना ही इसका स्वाद गहरा और बेहतर होता जाता है. मक्खन, क्रीम और मसालों का संतुलन इसे एक परफेक्ट डिश बनाता है.
आज दाल मखनी सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं है. यह पूरे भारत में और विदेशों में भी बहुत फेमस है. शादी हो, पार्टी हो या घर का खास डिनर, दाल मखनी हर मौके पर परोसी जाती है. नान, रोटी या चावल के साथ इसका कॉम्बिनेशन हर किसी को पसंद आता है.
Watch Video: Jalebi History: जानिए कहां और कब बनी थी पहली जलेबी, जानिए इसका इतिहास | Read
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं