How to Store Lemons: रसोई में नींबू ऐसी चीज है, जिसकी जरूरत कभी भी पड़ सकती है. इसलिए ज्यादातर लोग इसे लंबे समय तक चलाने के लिए फ्रिज में रख देते हैं. लेकिन कई बार कुछ ही दिनों में नींबू सिकुड़ने लगते हैं, उनका रस सूख जाता है और वो सूखे से हो जाते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है. तो इसकी वजह सिर्फ समय नहीं बल्कि उसे स्टोर करने का तरीका भी हो सकता है. आइए जानते हैं कि फ्रिज में नींबू जल्दी क्यों सूख जाते हैं और उन्हें लंबे समय तक ताजा और रसीला रखने का सही तरीका क्या है.
फ्रिज में रखा नींबू जल्दी क्यों सूख जाता है?
फ्रिज का ठंडापन खाने-पीने की चीजों को लंबे समय तक खराब होने से बचाए रखने में मदद करता है. लेकिन इसकी हवा काफी ड्राई होती है. यही सूखी हवा नींबू के छिलके से धीरे धीरे नमी खींचने लगती है. नतीजा ये होता है कि नींबू का रस कम होने लगता है. छिलका सिकुड़ जाता है और कुछ दिनों बाद वो हार्ड हो जाता है. इसलिए नींबू सिर्फ फ्रिज में रखना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी है.
नींबू को लंबे समय तक ताजा और रसीला रखने के आसान तरीके
- अगर आप चाहते हैं कि नींबू कई हफ्तों या महीनों तक ताजा बने रहें. तो सबसे आसान तरीका है उन्हें पानी में डुबोकर रखना. किसी कांच के जार या कटोरे में पानी भरें. उसमें नींबू डालें और फ्रिज में रख दें. इससे नींबू की नमी बनी रहती है और वो लंबे समय तक रसीले रहते हैं.
- दूसरा तरीका है हर नींबू को टिश्यू पेपर, ब्राउन पेपर या अखबार में अच्छी तरह लपेटकर एयरटाइट डिब्बे या जिप लॉक बैग में रखना. इससे फ्रिज की सूखी हवा सीधे नींबू तक नहीं पहुंचती और उसकी नमी बनी रहती है.
- अगर नींबू ज्यादा दिनों तक संभालकर रखने हैं, तो उन्हें धोकर अच्छी तरह सुखाएं और छिलके पर नारियल या किसी खाने वाले तेल की बहुत हल्की लेयर लगा दें. इससे छिलके के छोटे-छोटे पोर्स बंद हो जाते हैं और नमी बाहर नहीं निकलती. इसके बाद उन्हें बंद डिब्बे में रख दें.
कटा हुआ नींबू ऐसे रहेगा ताजा
अक्सर आधा नींबू इस्तेमाल करने के बाद बच जाता है. ऐसे में कटे हुए हिस्से पर थोड़ा सा नमक लगाएं या उसे क्लिंग रैप से ढक दें. फिर एयरटाइट डिब्बे में कटे हुए हिस्से को नीचे की ओर करके फ्रिज में रखें. इससे नींबू जल्दी सूखेगा नहीं और कुछ दिनों तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा. सही स्टोरेज अपनाकर आप नींबू को लंबे समय तक ताजा, रसीला और इस्तेमाल के लिए तैयार रख सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं