Phool Gobhi se Kide Kaise Nikale: सर्दियों का सीजन शुरू होते ही बाजारों और ठेलों पर फूलगोभी दिखना शुरू हो गई है. अधिकतर लोग गोभी खाना बहुत पसंद करते हैं. किसी को इसकी सब्जी खाना पसंद होता है तो कई पुलाव में इसे शामिल करते हैं. लेकिन गोभी के साथ सबसे बड़ी समस्या कीड़े की रहती है. दरअसल, बाहर से साफ दिखने वाली फूलगोभी के अंदर अक्सर छोटे कीड़े, मिट्टी और गंदगी छिपी होती है. इसकी कलियां आपस में बहुत घनी और जुड़ी होती हैं, इसलिए कीड़े आसानी से नजर नहीं आते. ऐसे में फूलगोभी को पकाने से पहले अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. हम पानी से गोभी को साफ तो कर लेते हैं लेकिन लेकिन इससे सफाई अच्छे से नहीं हो पाती है. आज हम आपको गोभी साफ करने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
गोभी को साफ करने के लिए जरूरी चीजें
- 1 बड़ी कटोरी
- हल्का गर्म पानी
- नमक
- हल्दी पाउडर
फूलगोभी को सही से काटना है जरूरी
फूलगोभी को धोने से पहले उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. सबसे पहले इसके बाहर के पत्तों को हटा दें और फिर फूलगोभी को छोटे या मीडियम टुकड़ों में अलग कर लें. फिर चाकू या हाथों की मदद से हर टुकड़े को सावधानी से अलग करें. अगर कोई हिस्सा खराब, सड़ा हुआ या रंग बदला हुआ दिखे तो उसे निकालकर फेंक दें. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ये स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि फूलगोभी की कलियों के बीच अक्सर कीड़े और छोटे कीड़े छिपे रहते हैं. अगर फूलगोभी को पूरा का पूरा ही धोया जाए, तो पानी अंदर तक नहीं पहुंच पाता और कीड़े बाहर नहीं निकल पाते. इसलिए पहले टुकड़ों में अलग करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बादाम, अखरोट, काजू, पिस्ता...कौन सा ड्राई फ्रूट किस समय खाना चाहिए? AIIMS के डॉक्टर ने बताया
हल्के गर्म पानी में भिगोएं
फूलगोभी को टुकड़ों में काटने के बाद एक बड़े बर्तन में गुनगुना पानी भर लें. हालांकि, ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गर्म न हो क्योंकि इससे फूलगोभी नरम हो सकती है और जल्दी खराब होने लगती है. साथ ही गुनगुने पानी का इस्तेमाल करने से फूलगोभी की कलियों के बीच छिपे कीड़े और गंदगी आसानी से बाहर निकलने लगते हैं.

फूलगोभी कैसे साफ करें?
नमक और हल्दी वाले पानी से निकालें कीड़े
एक कटोरे में गुनगुना पानी लें और उसमें 1 चम्मच नमक और आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं. दोनों चीजों को अच्छी तरह घोलने के बाद फूलगोभी के टुकड़ों को इसमें डाल दें. आपको बता दें कि ये घोल कीड़ों और गंदगी को साफ करने के लिए काफी असरदार माना जाता है. दरअसल, नमक गंदगी हटाने और छिपे हुए कीड़ों को बाहर निकालने में मदद करता है. वहीं, हल्दी में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण होते हैं.
15-20 मिनट तक भिगोकर रखें
फूलगोभी के टुकड़ों को इस घोल में 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें. नमक और हल्दी का असर धीरे-धीरे अंदर छिपे कीड़ों और गंदगी को बाहर निकाल देता है. साथ ही सब्जी का स्वाद भी खराब नहीं होता. आपको कुछ देर बाद पानी पर छोटे-छोटे कण तैरते दिखाई दे सकते हैं. अगर फूलगोभी में कीड़े होंगे, तो वे भी बाहर निकलने लगेंगे.
आखिरी बार अच्छे से धोएं
भिगोने के बाद पानी निकाल दें और फूलगोभी के टुकड़ों को बहते हुए साफ पानी में धो लें. फिर उन्हें छलनी में रख दें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए. बेहतर सफाई के लिए 2 से 3 बार अच्छी तरह धोएं.
यह भी पढ़ें: सिर्फ 3 चीजों से बनाएं स्वादिष्ट काजू कतली, जानें घर पर काजू कतली बनाने का सीक्रेट तरीका
यह भी पढ़ें: पानी की बोतल से स्टिकर कैसे हटाएं, बोतल से चिपचिपाहट हटाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं