भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और मिठास का प्रतीक माना जाता है. इस खास मौके पर अगर आप कोई ऐसी पारंपरिक मिठाई बनाना चाहते हैं, जो स्वाद में लाजवाब और बनाने में आसान हो, तो राजस्थानी सेवइयों की खीर एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इस रेसिपी को Geeta's Cooking यूट्यूब चैनल से ली गई है, जहां इसे बहुत ही आसान तरीके से बनाने का तरीका बताया गया है. राजस्थान में रक्षाबंधन, भाई दूज और अन्य शुभ अवसरों पर सेवइयों की खीर बनाने की परंपरा रही है. दूध, सेवई, सूखे मेवे और केसर से तैयार यह मिठाई इतनी स्वादिष्ट बनती है कि एक बार खाने के बाद हर कोई दोबारा मांगने पर मजबूर हो जाता है.
वीडियो में देखें रेसिपी...
राजस्थान की पारंपरिक मिठास है सेवइयों की खीर
भारत के अलग-अलग राज्यों में खीर की कई किस्में बनाई जाती हैं, लेकिन राजस्थान में सेवइयों की खीर का विशेष महत्व है. त्योहारों, पारिवारिक आयोजनों और पूजा-पाठ में इसे खास तौर पर तैयार किया जाता है. कई घरों में भगवान को भोग लगाने के लिए भी सेवइयों की खीर बनाई जाती है. भाई दूज जैसे पर्व पर यह मिठाई रिश्तों में मिठास घोलने का काम करती है.
सेवई खीर कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
दूध - 1 लीटर
चीनी - 4 से 5 छोटे चम्मच
काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश
इलायची - 2 से 3
देसी घी - 2 चम्मच
थोड़ा सा केसर
बारीक रोस्टेड सेवई - आधा पैकेट
विधि
अगर इनमें से कोई सामग्री उपलब्ध नहीं है, तो भी खीर स्वादिष्ट बन सकती है. हालांकि केसर और ड्राई फ्रूट्स इसके स्वाद को और निखार देते हैं. सबसे पहले एक बर्तन में दूध उबालने के लिए रख दें. जब तक दूध उबल रहा हो, तब तक काजू, बादाम और पिस्ता को बारीक काट लें. इलायची को भी कूट लें और केसर को थोड़ा-सा गर्म दूध लेकर उसमें भिगो दें. इससे केसर का रंग और सुगंध अच्छी तरह खीर में घुल जाएगी.
अब एक कढ़ाई में दो चम्मच घी गर्म करें. सबसे पहले सभी ड्राई फ्रूट्स को हल्का भून लें. इससे उनमें मौजूद नमी खत्म हो जाती है और उनका स्वाद भी बढ़ जाता है. इसके बाद उसी घी में सेवई डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. भले ही बाजार में मिलने वाली सेवई पहले से रोस्टेड हो, लेकिन घी में दोबारा सेकने से उसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.
जब सेवई अच्छी तरह भुन जाए, तब इसमें पहले से उबला हुआ दूध डाल दें. दूध को पहले से उबाल लेने से खीर जल्दी तैयार हो जाती है. अब इसे लगातार चलाते हुए कुछ मिनट तक पकाएं ताकि सेवई नरम हो जाए. इसके बाद भुने हुए ड्राई फ्रूट्स, इलायची और केसर वाला दूध डालें. अब स्वादानुसार चीनी मिलाकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें. कुछ मिनट तक पकाने के बाद खीर गाढ़ी होने लगेगी और उसमें से शानदार खुशबू आने लगेगी.
अगर आपको गाढ़ी खीर पसंद है, तो सेवई की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं. वहीं, अगर पतली खीर पसंद हो, तो दूध की मात्रा अधिक रख सकते हैं. चीनी भी अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है. खीर तैयार होने के बाद इसे सर्विंग बाउल में निकाल लें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम से गार्निश करें. चाहें तो इसे गर्मागर्म परोसें या फिर फ्रिज में ठंडा करके भी सर्व कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - भाई दूज पर ऐसे बनाएं भईया के लिए राबड़ीदार हलवाई स्टाइल खीर, 1 की जगह खा जाएंगे 2 कटोरी खीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं