दुनिया भर में खाने-पीने की ऐसी कई चीजें हैं, जिनके बारे में सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं. ऐसी ही एक अनोखी डिश इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसे चींटियों के अंडों से तैयार किया जाता है. सुनने में भले ही ये अजीब लगे, लेकिन कई आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में चींटियों के अंडों को ट्रेडिशनल फूड का हिस्सा माना जाता है. इन अंडों से बनने वाली डिश का स्वाद लोगों को इतना पसंद आता है कि वे इसे बड़े चाव से खाते हैं.
हाल ही में फूड क्रिएटर india.ki.thali ने अपने सोशल मीडिया चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक महिला चींटियों के अंडों से बनने वाली खास रेसिपी तैयार करती नजर आती है. वीडियो को देखने के बाद कई लोग हैरान हैं. वहीं, कुछ लोग इस ट्रेडिशनल रेसिपी के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. यहां जानते हैं कैसे बनती है ये रेसिपी-
वीडियो में देख सकते हैं अनोखी रेसिपी...
कैसे बनती है चींटी के अंडों की डिश?
वीडियो में दिखाई गई रेसिपी काफी आसान है. सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म किया जाता है. तेल गर्म होने के बाद उसमें बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह भुना जाता है. जब प्याज सुनहरा होने लगता है, तब उसमें चींटियों के अंडे मिलाए जाते हैं.
इसके बाद मिश्रण को कुछ देर तक अच्छी तरह पकाया जाता है, ताकि सभी सामग्री आपस में मिल जाए. फिर स्वादानुसार नमक और अन्य मसाले डाले जाते हैं. मसालों के साथ मिश्रण को भूनने के बाद उसमें टमाटर मिलाया जाता है. टमाटर गलने तक पूरी सामग्री को पकाया जाता है, जिससे एक स्वादिष्ट और मसालेदार डिश तैयार हो जाती है.
रोटी के साथ लिया जाता है स्वाद
इस अनोखी डिश को आमतौर पर रोटी या चावल के साथ खाया जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोटी के साथ इसका स्वाद और भी बेहतर लगता है. यही वजह है कि जिन क्षेत्रों में ये परंपरा प्रचलित है, वहां ये भोजन काफी लोकप्रिय माना जाता है.
ये भी पढ़ें - घर से चींटियों को कैसे खत्म करें? जानें बिना मारे चींटी भगाने का असरदार नुस्खा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं