विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2015

अभिनेत्री सोनम कपूर को हुआ स्वाइन फ्लू, अस्पताल में भर्ती

अभिनेत्री सोनम कपूर को हुआ स्वाइन फ्लू, अस्पताल में भर्ती
राजकोट:

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर को स्वाइन फ्लू हो गया है और राजकोट के एक प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

राजकोट की जिलाधिकारी मनीषा चंद्रा ने कहा, 'सोनम कपूर की स्वाइन फ्लू की जांच पॉजीटिव पाई गई और शहर के स्टर्लिंग अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।' उन्होंने कहा, 'मुंबई में उनके व्यायाम प्रशिक्षक से संभवत: उनको यह रोग हुआ है और जब वह यहां आईं तो इसके लक्षणों से पीड़ित थीं।'

29 वर्षीय अभिनेत्री यहां राजश्री प्रोडक्शन की आगामी फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' की शूटिंग कर रही हैं, जिसमें अभिनेता सलमान खान हैं। राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जे. पी. गुप्ता ने कहा कि अभिनेत्री जब मुंबई से यहां पहुंचीं तो उनको हल्का बुखार था और उन्हें सर्दी लगी हुई थी। अभिनेत्री का इलाज करने वाले डॉ. चिराग मातरावादिया ने कहा कि उन्हें अलग रखा गया है।

अभिनेत्री के नजदीकी सूत्र ने बताया कि सोनम की मां सुनीता आज यहां पहुंचीं और वह अपनी बेटी को वापस मुंबई ले जानी वाली थीं।

स्टर्लिंग अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. कमल पारिख ने कहा कि कफ, सांस लेने में तकलीफ और हल्के बुखार की शिकायत के बाद कपूर को अस्पताल में भर्ती किया गया।

सलमान और निर्देशक सूरज बड़जात्या पिछले एक हफ्ते से गोंडल के नजदीक शूटिंग कर रहे हैं। सूत्र ने बताया कि सोनम दो-तीन दिन पहले पहुंचीं, लेकिन कफ से पीड़ित होने के कारण उन्हें वापस मुंबई लौटना पड़ा। वह कल गोंडल लौटीं लेकिन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

उन्हें पिछले महीने श्वसन तंत्र में संक्रमण के कारण मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

अभिनेता-निर्माता अनिल कपूर की बेटी सोनम 'दिल्ली-6', 'भाग मिल्खा भाग' और 'डॉली की डोली' में अपनी भूमिकाओं के लिए चर्चित रही हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सोनम कपूर, राजकोट, स्वाइन फ्लू, Sonam Kapoor, Rajkot, Swine Flu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com