विज्ञापन

स्पेसएक्स के गेट से शुरू हुआ सपना, आज भारत की स्पेस-टेक कंपनी चला रहे हैं श्रीनाथ रविचंद्रन

ईशा योग केंद्र में आयोजित ‘इनसाइट: द डीएनए ऑफ सक्सेस 2026’ कार्यक्रम में स्पेस-टेक कंपनियों में से एक अग्निकुल कॉसमॉस के सह-संस्थापक और सीईओ श्रीनाथ रविचंद्रन ने हिस्सा लिया और अपनी सफलता की स्टोरी शेयर की.

स्पेसएक्स के गेट से शुरू हुआ सपना, आज भारत की स्पेस-टेक कंपनी चला रहे हैं श्रीनाथ रविचंद्रन
श्रीनाथ रविचंद्रन

भारत की लीडिंग स्पेस-टेक कंपनियों में से एक अग्निकुल कॉसमॉस के सह-संस्थापक और सीईओ श्रीनाथ रविचंद्रन ने कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में आयोजित ‘इनसाइट: द डीएनए ऑफ सक्सेस 2026' कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने अपने करियर के उस खास पल को शेयर किया, जिसने उनकी सोच को पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने बताया कि स्पेसएक्स में एंट्री न मिल पाने की घटना ने उन्हें निराश नहीं किया, बल्कि ये सोचने पर मजबूर किया कि वे अपना समय और एनर्जी किस दिशा में लगाना चाहते हैं. इसी अनुभव ने उन्हें भारत लौटकर अंतरिक्ष क्षेत्र में कुछ नया और बड़ा करने की प्रेरणा दी.

स्पेसएक्स के बाहर मिला नया नजरिया

श्रीनाथ रविचंद्रन ने बताया कि स्पेसएक्स हमेशा से उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है. जब वे वहां गए, तो उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली. जब आप कुछ देर तक स्पेसएक्स के गेट पर खड़े रहते हैं, तो मन में कड़वाहट आने के बजाय, मैंने सोचना शुरू किया कि क्या वे अपना समय कागजी प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं में बिताएं या फिर कुछ नया बनाने में. आखिरकार उन्होंने दूसरा रास्ता चुना और भारत में अपना सपना पूरा करने का फैसला किया.

भारत में अवसरों ने बढ़ाया आत्मविश्वास

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कई देशों में कुछ तकनीकों तक पहुंच सीमित होती है. अमेरिका में भी कुछ एयरोस्पेस भूमिकाओं के लिए नागरिकता या स्थायी निवास जरूरी होता है. हालांकि, उन्होंने इन सीमाओं को बाधा नहीं बनने दिया और भारत में अपनी कंपनी स्थापित करने का फैसला लिया.

ISRO ने बनाई भारत की मजबूत पहचान

श्रीनाथ के अनुसार, दुनिया भर में भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में अच्छी साख है. उन्होंने बताया कि अमेरिका में जब वे अंतरिक्ष तकनीक की बात करते थे, तो लोग उनकी बातों को अच्छे से सुनते थे. इसका बड़ा कारण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा सालों में बनाई गई विश्वसनीयता है.

स्पेस टूरिज्म में अभी लगेगा समय

कार्यक्रम के दौरान जब उनसे भारत में स्पेस टूरिज्म को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी लगभग 15 साल का इंतजार करना पड़ सकता है. उनके मुताबिक, गगनयान मिशन और उससे जुड़ी तकनीकों के सफल विकास के बाद ही वाणिज्यिक अंतरिक्ष पर्यटन को गति मिल सकेगी. इसके आगे श्रीनाथ ने कहा कि किसी भी टीम को मजबूत बनाने में केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छा रवैया और सही कार्य संस्कृति भी महत्वपूर्ण होती है. उनका मानना है कि कौशल सिखाया जा सकता है, लेकिन जुनून और सकारात्मक सोच व्यक्ति के भीतर होनी चाहिए.

इनसाइट: द डीएनए ऑफ सक्सेस' - जिसमें श्रीनाथ रविचंद्रन ने एक अनौपचारिक चर्चा में हिस्सा लिया, सद्गुरु अकादमी का प्रमुख कार्यक्रम है. इसे उद्यमियों और व्यावसायिक अग्रणियों के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे अपनी समझ को बेहतर बना सकें, स्थितियों को अधिक स्पष्ट रूप से देख सकें और व्यवसाय बनाने तथा उसे चलाने की परेशानियों को समझ सकें. तीन दिनों के इस कार्यक्रम में अलग-अलग उद्योगों के सफल अग्रणियों और उद्यमियों को एक साथ लाया जाता है, जहां वे नेतृत्व, व्यवसाय और सफलता के आंतरिक पहलुओं पर चर्चा करते हैं.

यह भी पढ़ें:- Sant ki Seekh: रोमांचक भविष्य का निर्माण कैसे करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sadhguru, Srinath Ravichandran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com