विज्ञापन

Sant ki Seekh: रोमांचक भविष्य का निर्माण कैसे करें

सद्गुरु के अनुसार, जीवन केवल उन लोगों के लिए लंबा है जो स्वयं की पूरी गहराई और आयाम में खोज नहीं करते, जो दुखी और निराश हैं.

Sant ki Seekh: रोमांचक भविष्य का निर्माण कैसे करें
सद्गुरु

मनुष्य में जिस किस्म की संभावनाएं मौजूद हैं, उस संदर्भ में जीवन का समय संक्षिप्त है. जीवन केवल उन लोगों के लिए लंबा है जो स्वयं की पूरी गहराई और आयाम में खोज नहीं करते, जो दुखी और निराश हैं. अगर, आप अपनी पूरी क्षमता और बुद्धिमत्ता के साथ कार्य करते हैं, तो हर दिन संभावनाओं का एक विस्फोट होगा. आने वाले कल को गढ़ना महत्वपूर्ण है. भविष्य को रोमांचक बनाने के लिए, आपको अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर होना होगा.

अतीत को एक पायदान की तरह उपयोग करें

आपको किसी दूसरे से बेहतर होने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन आपको उससे कम भी नहीं होना चाहिए जो आप हो सकते हैं. यदि आपको लगता है कि आपका जीवन मूल्यवान है, तो आपको अपना सर्वश्रेष्ठ होना होगा – कुछ भी इससे कम एक व्यर्थ जीवन होगा. यदि आप उल्लास के साथ जीते हैं, तो जीवन शानदार होता है. यदि आप भविष्य का निर्माण करना चाहते हैं, तो यह महत्वपूर्ण है कि आप अपने अतीत को एक पायदान की तरह उपयोग करें, बोझ की तरह नहीं. जब हमारे साथ कुछ घटित होता है, तो हम या तो बुद्धिमान बन सकते हैं या फिर आहत हो सकते हैं. हमारे पास यही विकल्प है. आपके जीवन में जो कुछ घटित होता है, उसे आप सौभाग्य में बदल सकते हैं.

हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ करें

अपने जीवन में इस बात की जिम्मेदारी लें. इससे फर्क नहीं पड़ता कि कोई क्या कहता है, जीवन आपके साथ क्या करता है या दुनिया आपके साथ क्या करती है, उसे अपनी खुशहाली में बदल दें. इसके लिए, आपको संतुलन चाहिए, और आपको अपने सर्वोच्च स्तर पर कार्य करने की जरूरत है. बिना किसी भेदभाव के, वह चाहे जो भी हो, आप जो कुछ भी करें, उसमें हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ करें. हर किसी को, और हर चीज को उसी तीव्रता और उसी भागीदारी के साथ देखना सीखें. एक पूर्ण विकसित मनुष्य में परिपक्व होने के लिए, हर छोटी चीज जो आप करते हैं, उसमें हमेशा अपनी क्षमता के सर्वोच्च स्तर पर कार्य करने का प्रयास करें.

दुर्भाग्य से, नब्बे प्रतिशत मानवता अपनी क्षमता से काफी नीचे काम कर रही है. कुछ हद तक इसलिए क्योंकि किसी दूसरे ने कुछ कह दिया या किया, या सिर्फ इसलिए क्योंकि वे इस बात से डरते हैं कि कोई दूसरा क्या सोचेगा. कोई दूसरा जो कुछ भी सोचे, कहे, या करे, आपके रास्ते में जो कुछ भी आए, उसे अपनी खुशहाली में बदलना सीखें. यदि कोई आप पर जहर फेंकता है, तो आपको पता होना चाहिए कि उसका उपयोग अपनी खुशहाली के लिए कैसे करना है.

कन्नड़ में एक कहावत है कि यदि कोई व्यक्ति कुछ गलत करता है और दूसरे लोग उसके बारे में चर्चा करते हैं, तो उसका नकारात्मक प्रभाव उस गलत चीज करने वाले व्यक्ति की तुलना में उन लोगों पर अधिक पड़ता है जो उसके बारे में बात करते हैं. उन्हें अपना बोझ ढोने दें. यदि कोई आपको अपशब्द कहता है, तो केवल उनका मुंह गंदा होता है. वह आपकी समस्या नहीं है. कोई दूसरा क्या कहता है, क्या करता है या क्या सोचता है, उससे आपको प्रभावित नहीं होना चाहिए.

विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. यह स्वयं को सर्वोच्च संभव स्तर तक ऊंचा उठाने के बारे में है. यह निर्धारित करें कि इस समय आपके लिए सर्वोच्च स्तर क्या है और वहाँ पहुँचने का प्रयास करें. बस इस एक बात को अपने जीवन में ले आएं. हर चीज में, सर्वश्रेष्ठ से कम कुछ नहीं देना है.

भारत के पचास सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल सद्गुरु एक योगी, रहस्यवादी, दूरदर्शी और न्यूयॉर्क टाइम्स के बेस्टसेलिंग लेखक हैं. सद्गुरु को 2017 में भारत सरकार ने असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए देश के सर्वोच्च वार्षिक नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था. वे दुनिया के सबसे बड़े जन-अभियान कॉन्शियस प्लैनेट - सेव सॉइल (Conscious Planet – Save Soil) के संस्थापक भी हैं, जिसने 4 अरब से ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बनाई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sant Ki Seekh, Sadhguru
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com